Red Fort Security : दिल्ली। 15 अगस्त से पहले दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किले में घुसपैठ की कोशिश ने सुरक्षा एजेंसियों को हिला दिया है। सोमवार, 4 अगस्त 2025 को सुरक्षा कर्मियों ने पांच संदिग्ध युवकों को लाल किला परिसर में घुसते हुए पकड़ा। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये सभी बांग्लादेशी नागरिक हैं, जो दिल्ली में फर्जी दस्तावेज़ों के ज़रिए मजदूरी कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, इनकी उम्र 20 से 25 साल के बीच है और सभी अवैध रूप से भारत में रह रहे थे। पुलिस ने इनके पास से कुछ बांग्लादेशी दस्तावेज़ भी जब्त किए हैं। अब उनसे यह पूछताछ की जा रही है कि वे लाल किले में क्यों घुसने की कोशिश कर रहे थे और उनके पीछे किसी संगठन या नेटवर्क का हाथ है या नहीं।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है। चूंकि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री यहीं से देश को संबोधित करते हैं, ऐसे में अगस्त माह में लाल किले की सुरक्षा बहुस्तरीय होती है। इस हाई अलर्ट के बावजूद ऐसी घुसपैठ चिंता बढ़ाने वाली है।
इसी बीच एक और बड़ी चूक सामने आई जब सुरक्षा जांच के दौरान एक डमी बम को पहचानने में असफल रहे सात पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया। स्पेशल सेल की एक टीम ने सिविल ड्रेस में डमी बम के साथ एंट्री ली, लेकिन सुरक्षा में मौजूद जवानों ने समय पर प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके चलते लाल किले की सिक्योरिटी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।











