कोलकाता : पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। सुबह 8 बजे से डाक मतपत्रों की गिनती के साथ मतगणना शुरू हो गई है। देशभर की नजर खासतौर पर पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु पर टिकी हुई है, जहां सियासी मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।एग्जिट पोल के अनुमान आने के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। कई सर्वे में पश्चिम बंगाल और असम में बीजेपी को बढ़त मिलने के संकेत दिए गए हैं।
किन राज्यों में कितनी सीटों पर हुई वोटिंग?
असम की 126 सीटों, केरल की 140 सीटों और पुडुचेरी की 30 सीटों पर एक चरण में मतदान हुआ था। तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर भी एक ही चरण में वोट डाले गए।
वहीं पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में से 293 सीटों पर दो चरणों में मतदान कराया गया। पहले चरण में 152 सीटों और दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोटिंग हुई थी।
Read more : बंगाल में आज सियासी फैसले का दिन! 15 साल का ममता राज रहेगा कायम या BJP करेगी बड़ा खेला?
बंगाल में सबसे बड़ा मुकाबला
पश्चिम बंगाल में इस बार मुकाबला बेहद कांटे का माना जा रहा है। एग्जिट पोल में कई एजेंसियों ने बीजेपी को बढ़त मिलने का अनुमान जताया है।
कुछ सर्वे के अनुसार बीजेपी को 150 से अधिक सीटें मिल सकती हैं, जबकि टीएमसी को 100 से 140 सीटों के बीच सीमित रहने का अनुमान है। हालांकि वास्तविक तस्वीर मतगणना के बाद ही साफ होगी।
भवानीपुर में काउंटिंग से पहले तनाव
मतगणना शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर में तनाव की स्थिति देखने को मिली। काउंटिंग सेंटर के बाहर बीजेपी और टीएमसी एजेंटों के बीच बहस और नोकझोंक की खबर सामने आई है।स्थिति को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है। भवानीपुर के सखावत मेमोरियल गर्ल्स हाई स्कूल में काउंटिंग सेंटर बनाया गया है।
ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को किया अलर्ट
मतगणना से पहले ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना केंद्रों पर नजर बनाए रखें और वोटों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी का मुकाबला बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी से माना जा रहा है, जिससे यह सीट बेहद हाईप्रोफाइल बन गई है।
असम, केरल और तमिलनाडु पर भी नजर
एग्जिट पोल के अनुसार असम में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बना सकती है। वहीं केरल में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं।तमिलनाडु में अभिनेता विजय की पार्टी TVK को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं और कुछ सर्वे में उसे बढ़त मिलने का दावा किया गया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सभी राज्यों के मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए हैं ताकि मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से पूरी हो सके।









