Gwalior News । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक हाई-प्रोफाइल शादी समारोह में लाखों के गहने चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीजेपी नेता रामेश्वर भदौरिया की भतीजी जागृति भदौरिया के पर्स से करीब 30 लाख रुपये के ज़ेवर गायब हो गए।
बारात के स्वागत के दौरान हुई चोरी
यह घटना पिंटो पार्क स्थित राजकिशोरी मैरिज गार्डन की है। जानकारी के अनुसार, जागृति भदौरिया अपनी बहन की शादी समारोह में आई थीं। चोरी उस वक्त हुई जब बारात गार्डन के दरवाजे पर पहुंची। जागृति बारात का स्वागत और आगमन देखने के लिए गेट पर भीड़ में रुकी थीं। इसी दौरान, चोरों ने भीड़ और अव्यवस्था का फायदा उठाकर उनके बैग से कीमती गहने निकाल लिए।
CCTV में दिखे संदेही
घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत मैरिज गार्डन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में कुछ संदेही नज़र आए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदेही लोगों में पीले रंग का सूट पहने एक महिला के साथ एक 12 साल का नाबालिग भी दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि चोरों के इस गिरोह ने ही इस वारदात को अंजाम दिया है।
गोले का मंदिर थाना पुलिस ने देर रात जागृति भदौरिया की शिकायत पर चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला और नाबालिग सहित अन्य संदेहियों की सरगर्मी से तलाश में जुट गई है।













