रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी स्थित रायपुर सेंट्रल जेल एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह एक ऐसा वीडियो है, जिसने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक कैदी और उसकी गर्लफ्रेंड मुलाकाती कक्ष में नजर आ रहे हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वीडियो खुद युवती ने बनाया और बाद में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड कर दिया।
मुलाकाती कक्ष से सामने आया वीडियो
जानकारी के मुताबिक, एक कैदी से मिलने उसकी गर्लफ्रेंड जेल पहुंची थी। मुलाकात के दौरान युवती ने मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्ड किया। वायरल वीडियो में वह कहती नजर आ रही है कि यह उसके बॉयफ्रेंड का जन्मदिन है और वह उससे मिलने सेंट्रल जेल आई है। वीडियो में युवती अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए कहती है कि उसे दुख है कि वह जन्मदिन पर उसके साथ बाहर नहीं रह सकती, लेकिन कम से कम उससे मिल तो सकती है।
View this post on Instagram
सुरक्षा नियमों पर उठे सवाल
जेल नियमों के अनुसार, मुलाकाती कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना सख्त मना है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि युवती मोबाइल फोन लेकर जेल परिसर और मुलाकाती कक्ष तक कैसे पहुंच गई। क्या जांच में लापरवाही बरती गई या फिर सुरक्षा व्यवस्था में कोई गंभीर चूक हुई? इस घटना के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लग गया है।
कैदी की पहचान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं
सूत्रों के अनुसार, वीडियो में नजर आ रहे कैदी का नाम तारकेश्वर बताया जा रहा है। हालांकि वह किस अपराध में जेल में बंद है, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि युवक के जन्मदिन के मौके पर ही उसकी गर्लफ्रेंड उससे मिलने पहुंची थी।
प्रशासन की चुप्पी
वीडियो वायरल होने के बावजूद जेल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही यह स्पष्ट किया गया है कि मामले की जांच शुरू हुई है या नहीं। सोशल मीडिया पर लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं और जेल सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और क्या जेलों में मुलाकात के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया जाएगा।











