Thursday, October 1, 2026
Home Madhya Pradesh कटनी में शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल आने का वीडियो...

कटनी में शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल आने का वीडियो वायरल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

कटनी : मध्यप्रदेश के कटनी जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र की गोइन्द्रा प्राथमिक शाला में पदस्थ एक शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल आने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

वीडियो से मचा हड़कंप

वायरल वीडियो में शिक्षक नशे की हालत में स्कूल परिसर में मौजूद नजर आ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। बताया जा रहा है कि शिक्षक अरविंद कुजुर रोजाना शराब के नशे में स्कूल आता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और अनुशासन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

 शिक्षक की पहचान की पुष्टि

ग्रामीणों द्वारा बनाए गए वीडियो के बाद संबंधित शिक्षक की पहचान अरविंद कुजुर के रूप में की गई है। गांव वालों का कहना है कि उन्होंने कई बार मौखिक रूप से आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो मजबूरी में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना पड़ा।

Read More : ग्वालियर-बरेठा टोल पर कोहरे के चलते भयंकर एक्सीडेंट! वेगनर कार-ट्रक की टक्कर में 2 महिलाओं समेत 4 की मौके पर मौत

ग्रामीणों की नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि नशे की हालत में शिक्षक का व्यवहार ठीक नहीं रहता और बच्चों के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है। उनका कहना है कि प्राथमिक स्तर पर बच्चों को संस्कार और शिक्षा देने वाले शिक्षक का ऐसा आचरण बेहद चिंताजनक है।

विधायक ने दिए जांच के आदेश

मामला सामने आने के बाद विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक ने इसे गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। विधायक ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वीडियो की सत्यता की जांच कर दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।

 शिक्षा विभाग पर सवाल

इस घटना ने शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here