Mauganj Murder Case : मऊगंज। जिला मुख्यालय के मऊगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डगडौआ गांव के समीप मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। युवक की जिस बेरहमी से हत्या की गई है, उसे देखकर इलाके के लोग दहशत में हैं। मृतक के चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने पहचान छिपाने की नियत से चेहरे को निशाना बनाया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार (30 दिसंबर) की सुबह जब घना कोहरा छटना शुरू हुआ, तब वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर सड़क की पटरी पर पड़े एक शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मऊगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
हत्या की आशंका और पुलिस की कार्रवाई: मृतक युवक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, युवक का चेहरा बुरी तरह जख्मी है और उस पर किसी धारदार हथियार से किए गए कई गहरे निशान मौजूद हैं। प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों को देखते हुए पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हत्या का मामला मान रही है। अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य मिटाने या पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को डगडौआ गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया गया।
शिनाख्त में जुटी पुलिस: फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मऊगंज थाना पुलिस आसपास के क्षेत्रों के थानों से संपर्क कर रही है और हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों को खंगाला जा रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि शिनाख्त के बाद ही हत्या के कारणों और आरोपियों तक पहुँचने में मदद मिलेगी।
घटना के बाद से डगडौआ और आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस युवक के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तत्काल पुलिस को सूचित करें।










