C.G News : गौरेला में BJP नेता के घर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश, CCTV में कैद हुई घटना

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : छत्तीसगढ़ के गौरेला से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां मंगली बाजार इलाके में मंगलवार देर रात BJP नेता और वकील आशुतोष मिश्रा के घर के मुख्य दरवाजे पर अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की।

आग लगने के बाद घर के अंदर धुआं फैलने लगा, जिससे परिवार के लोगों की नींद खुल गई। इसके बाद उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाकर पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

देर रात हुई घटना से इलाके में हड़कंप

जानकारी के मुताबिक मंगली बाजार क्षेत्र में रहने वाले भाजपा नेता और अधिवक्ता आशुतोष मिश्रा के घर के बाहर देर रात एक व्यक्ति पहुंचा और मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

कुछ ही देर में दरवाजे से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और मिलकर आग बुझाने की कोशिश की।स्थानीय लोगों की मदद से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया।

Read More : छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव: BJP-कांग्रेस उम्मीदवारों ने भरा नामांकन, आज होगी जांच

घर का दरवाजा और सामान जला

इस आगजनी की घटना में घर का मुख्य दरवाजा, चौखट और पर्दे जलकर खाक हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में भाजपा नेता और उनके परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि घर के पास ही एक कमरे में बाइक भी खड़ी थी। अगर आग वहां तक पहुंच जाती तो बाइक के पेट्रोल के कारण आग और तेजी से फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।

CCTV में कैद हुआ आरोपी

घटना के बाद घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। फुटेज में एक व्यक्ति पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए साफ दिखाई दे रहा है।पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर अब पुलिस आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

धमकी भरा पत्र मिलने से बढ़ी साजिश की आशंका

घटना के बाद घर के चबूतरे पर पत्थर के नीचे एक धमकी भरा पत्र मिलने की भी जानकारी सामने आई है। इस पत्र के मिलने के बाद घटना के पीछे किसी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।फिलहाल इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *