बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मरोतन से घुमारवीं जा रही संतोषी निजी बस पर मंगलवार शाम भूस्खलन का मलबा गिर गया। घटना बरठीं के पास भल्लू पुल के समीप हुई। मलबा सीधे बस की छत पर आया, जिससे बस खड्ड के किनारे जा गिरी और पूरी तरह मलबे की चपेट में आ गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय बस में करीब 35 यात्री सवार थे। अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में दो बच्चियों और एक बच्चे को सुरक्षित निकाला गया है। इनमें एक बच्ची की मां की मौत हुई है। मृतकों में बस का चालक और परिचालक भी शामिल हैं।
Read More : CG News : राजनांदगांव पुलिस ने 5 महीने से फरार डकैतों को किया गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा
मौके पर पहुंची बचाव टीम रेस्क्यू में जुटी हुई है। घायलों को बरठीं अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम पूरी ताकत के साथ कार्यरत है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कहा कि घायलों का तत्काल उपचार हो और उनकी मेडिकल सुविधा पूरी तरह उपलब्ध कराई जाए। मुख्यमंत्री शिमला से लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं और राहत कार्यों को ट्रैक कर रहे हैं।
प्रशासन ने आम जनता से इस क्षेत्र में सतर्क रहने की अपील की है और भूस्खलन की संभावित घटनाओं को देखते हुए सावधानी बरतने की चेतावनी दी है। राहत और बचाव कार्य अब भी जारी हैं।











