निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए अहम खबर है। 1 अप्रैल 2026 से FASTag एनुअल पास की कीमत में 2.5% की बढ़ोतरी की जाएगी।
अब तक 3,000 रुपये में मिलने वाला यह पास 1 अप्रैल से 3,075 रुपये में उपलब्ध होगा। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने यह निर्णय वार्षिक समीक्षा प्रक्रिया के तहत लिया है।
सालाना रिवीजन के तहत बढ़ी कीमत
मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, जब FASTag एनुअल पास योजना शुरू की गई थी, तभी इसके नोटिफिकेशन में यह प्रावधान रखा गया था कि हर साल इसकी कीमतों की समीक्षा की जाएगी।इस बार हाईवे टोल दरों के निर्धारित फॉर्मूले के आधार पर 2.5% की बढ़ोतरी की गई है।
52 लाख से ज्यादा यूजर्स जुड़े
सरकार ने इस खास एनुअल पास योजना की शुरुआत 15 अगस्त को की थी और इसे उम्मीद से ज्यादा अच्छा रिस्पॉन्स मिला।अब तक देशभर में 52 लाख से ज्यादा कार यूजर्स इस पास का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह पास खास तौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो नियमित रूप से लंबी दूरी का सफर करते हैं।
31 मार्च तक पुराने रेट पर मौका
अगर आप इस पास को खरीदना या रिचार्ज कराना चाहते हैं तो 31 मार्च तक आपके पास पुरानी कीमत पर इसे लेने का मौका है।अधिकारियों के अनुसार 1 अप्रैल की सुबह से सिस्टम में नई दरें अपडेट हो जाएंगी, जिसके बाद पास 3,075 रुपये में मिलेगा।
200 टोल प्लाजा पर मिलती है सुविधा
यह FASTag एनुअल पास फिलहाल देश के करीब 200 प्रमुख टोल प्लाजा पर मान्य है।इससे यात्रियों को टोल प्लाजा पर बिना रुके सफर करने की सुविधा मिलती है, जिससे समय की बचत होती है और बार-बार टोल टैक्स भुगतान की परेशानी भी खत्म होती है।
सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में इस पास के दायरे में और अधिक टोल प्लाजा को शामिल करना है, ताकि डिजिटल और कैशलेस ट्रांजैक्शन को बढ़ावा मिल सके।











