‘LPG को लेकर अफवाहों से बचें, न करें पैनिक बाइंग’! बोली केंद्र सरकार- रोजाना 25 लाख ज्यादा LPG सिलेंडर हो रहे बुक

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क: मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध और बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच भारत समेत कई देशों में तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं। देश के कई राज्यों में एलपीजी सिलेंडर को लेकर परेशानी की खबरें सामने आने लगी हैं, वहीं कुछ स्थानों पर कमर्शियल सिलेंडर की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है।

हालांकि केंद्र सरकार ने लोगों से घबराने या अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है और स्पष्ट किया है कि देश में गैस की सप्लाई पर्याप्त है।

सामान्य से 25 लाख ज्यादा हो रही सिलेंडर बुकिंग

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पिछले कुछ दिनों में गैस सिलेंडर की बुकिंग में अचानक तेज वृद्धि देखी गई है।उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में प्रतिदिन करीब 50 से 55 लाख LPG सिलेंडर बुक होते हैं, लेकिन हाल के दिनों में यह संख्या करीब 75 लाख तक पहुंच गई है, यानी रोजाना लगभग 25 लाख अतिरिक्त बुकिंग हो रही है।सरकार का मानना है कि यह बढ़ोतरी अफवाहों और पैनिक बाइंग की वजह से हो रही है।

Read More  : अब हफ्ते में 4 दिन दिन ही चलेगी इंदौर-शाहजाह फ्लाइट, आगामी 29 मार्च से एयर इंडिया का समर शेड्यूल होगा लागू

कालाबाजारी रोकने राज्यों को दिए निर्देश

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों को एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि इस मामले में जिलों के एसपी और डीएसपी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि प्रशासन सतर्क रहे तो गैस सिलेंडर की ब्लैक मार्केटिंग को आसानी से रोका जा सकता है।

कई राज्यों में कार्रवाई भी शुरू

सरकार ने बताया कि देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है।उदाहरण के तौर पर उत्तर प्रदेश के झांसी में सिलेंडर से भरा ट्रक चोरी होने का मामला सामने आया, जबकि हापुड़ में एक डिस्ट्रीब्यूटर के गोदाम को सील किया गया। इसके अलावा मध्य प्रदेश और कर्नाटक समेत कई राज्यों में गैस सप्लाई से जुड़े मामलों पर कार्रवाई की जा रही है।

कमर्शियल सिलेंडर संकट से प्रभावित कारोबार

मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और वैश्विक सप्लाई चेन पर असर के कारण कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता कुछ स्थानों पर प्रभावित हुई है। इसका असर खासतौर पर होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ा है। कई छोटे रेस्टोरेंट संचालकों को अस्थायी रूप से अपना व्यवसाय बंद करना पड़ा है।हालांकि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि भारत में एलपीजी की सप्लाई सामान्य है और लोगों को अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर जमा करने से बचना चाहिए।सरकार का कहना है कि अफवाहों से बचकर सामान्य तरीके से गैस बुकिंग करने से ही वितरण व्यवस्था संतुलित बनी रहेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *