भोपाल। Nishaanebaz.com-Bhopal Fake Police Vehicle Thief Arrested: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पुलिस की वर्दी का धौंस दिखाकर और फर्जी पुलिसकर्मी बनकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से छिंदवाड़ा जिले का रहने वाला है, जो भोपाल के करौंद इलाके में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। आरोपी शहर के अलग-अलग इलाकों में खाकी वर्दी पहनकर घूमता था ताकि उस पर किसी को शक न हो और वह आसानी से गाड़ियां चुरा सके। भानपुर इलाके से पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धर दबोचा।
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने हाल ही में हमीदिया अस्पताल की एक महिला डॉक्टर की कार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। कार चोरी करने से पहले आरोपी बकायदा पुलिस की ड्रेस पहनकर महिला डॉक्टर के घर भी पहुंचा था, जिससे किसी को उस पर कोई संदेह नहीं हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोरी की गाड़ी लेकर फरार हो गया था। हालांकि, चोरी की गाड़ी लेकर भागने के दौरान रास्ते में ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने पर उसका ऑनलाइन ई-चालान कट गया, जिसके बाद मामले का सुराग मिलना शुरू हुआ।
Read More : Raipur Crime: सलाखों के पीछे बने संपर्क, बाहर आते ही वाहन चोरी का नेटवर्क! निलंबित आरक्षक समेत 4 गिरफ्तार
महिला डॉक्टर द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत और पुलिस द्वारा खंगाले गए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की गई। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस की ड्रेस पहने संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां कैद हो गई थीं। इसके बाद पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस ने भानपुर क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से पुलिस की नकली यूनिफॉर्म और चोरी के वाहन संबंधी दस्तावेज मिलने की सूचना है।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर कई अन्य इलाकों में भी वाहन चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस फिलहाल आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि उसने अब तक कितनी गाड़ियों पर हाथ साफ किया है और इस फर्जीवाड़े में क्या उसके साथ कोई अन्य सहयोगी भी शामिल था। भोपाल पुलिस जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा कर चोरी किए गए अन्य वाहनों की बरामदगी कर सकती है।






