Friday, September 11, 2026
Home Chhattisgarh Raipur Crime: सलाखों के पीछे बने संपर्क, बाहर आते ही वाहन चोरी...

Raipur Crime: सलाखों के पीछे बने संपर्क, बाहर आते ही वाहन चोरी का नेटवर्क! निलंबित आरक्षक समेत 4 गिरफ्तार

Raipur Crime
Raipur Crime

Raipur Crime: रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने वाहन चोरी के एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसके तार जेल में बने संपर्कों से जुड़ने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह में शामिल निलंबित आरक्षक दिनेश कुमार टंडन की पहचान जेल में अन्य आरोपितों से हुई थी। बाहर आने के बाद आरोपितों ने कथित तौर पर मिलकर अलग-अलग इलाकों से वाहन चोरी करना शुरू किया।

Raipur Crime: पुलिस ने मुख्य आरोपित साहिल राय समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की गई इनोवा क्रिस्टा बरामद की गई है। पूछताछ में बुलेट, KTM, एक्टिवा, स्प्लेंडर और ट्रैक्टर चोरी की कई घटनाओं की जानकारी सामने आई है।

एक्टिवा बनवाने के बहाने पहुंचा, चुरा ली इनोवा की चाबी

मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंडेखुर्द स्थित रुद्रांश मोटर गैरेज का है। गैरेज के बाहर खड़ी इनोवा क्रिस्टा क्रमांक CG 04 NL 2725 चोरी होने की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान पुलिस को साहिल राय पर संदेह हुआ। पूछताछ में उसके द्वारा बताया गया कि वह एक्टिवा की मरम्मत कराने के बहाने गैरेज पहुंचा था। उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान उसने इनोवा की चाबी अपने पास रख ली।

इसके बाद 5 सितंबर की रात करीब 11.30 बजे वह दोबारा गैरेज पहुंचा और चाबी की मदद से इनोवा लेकर फरार हो गया। आरोपी वाहन लेकर समोदा की ओर गया, लेकिन रास्ते में कार का टायर खराब हो गया। इसके बाद उसने वाहन को मेला स्थल के पास मंदिर के नजदीक खड़ा कर दिया और उसी में सो गया। सुबह कार को लॉक कर वह वहां से निकल गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर इनोवा और चाबी बरामद कर ली।

बाइक से लेकर ट्रैक्टर तक चोरी करने का खुलासा

पुलिस की पूछताछ में साहिल ने अलग-अलग स्थानों से कई वाहन चोरी करने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले मेकाहारा चिरघर के पास से बुलेट चोरी की गई थी। इसे संजीव दत्ता के माध्यम से अमरजीत उर्फ बंटी को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है।

इसके कुछ दिन बाद उसी इलाके से KTM बाइक चोरी करने का भी खुलासा हुआ। वहीं घड़ी चौक की पार्किंग से बुलेट चोरी कर संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत को बेचने की जानकारी पुलिस को मिली है।

आमानाका से चोरी बुलेट ओडिशा भेजने का दावा

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने आमानाका मेन रोड से भी एक बुलेट चोरी की। इस वाहन को ओडिशा में अपने परिचित पितबास के माध्यम से बेचने की बात पूछताछ में सामने आई है।

करीब पांच से छह महीने पहले आमासिवनी शराब दुकान से अपने भाई अभिषेक राय के साथ स्प्लेंडर बाइक चोरी करने की जानकारी भी साहिल ने पुलिस को दी है। पुलिस के अनुसार, इस वाहन को लेकर पंडरी थाना पुलिस पहले ही कार्रवाई कर चुकी है।

मरीन ड्राइव से एक्टिवा चोरी

पूछताछ में करीब दो से तीन महीने पहले तेलीबांधा मरीन ड्राइव से एक्टिवा चोरी करने की बात भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, चोरी की गई एक्टिवा संजीव दत्ता को इस्तेमाल करने के लिए दी गई थी।

धनसुली से चोरी हुए दो ट्रैक्टर

वाहन चोरी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। पुलिस के अनुसार, करीब तीन महीने पहले ग्राम धनसुली स्थित एक बाड़े से लाल रंग का ट्रैक्टर चोरी किया गया। इसे संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत उर्फ बंटी को बेचने की जानकारी सामने आई है।

इसके करीब एक से डेढ़ महीने बाद धनसुली के ही एक ईंट-भट्ठे से दूसरा ट्रैक्टर चोरी करने की बात सामने आई। चोरी के बाद ट्रैक्टर को जोरा बाजार के पास खड़ा किया गया और बाद में संजीव दत्ता के साथ मिलकर दिनेश कुमार टंडन को देने की जानकारी पुलिस को मिली है।

जेल में हुई पहचान, बाहर आने के बाद गिरोह बनाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, दिनेश कुमार टंडन पहले पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ था। वर्ष 2016 में महासमुंद में गांजा तस्करी से जुड़े मामले में उसके जेल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान अन्य आरोपितों से हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद यही संपर्क वाहन चोरी के नेटवर्क में बदल गए। हालांकि, इन बयानों और गिरोह में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

अमरजीत के पुराने आपराधिक मामले की भी जानकारी

पूछताछ में अमरजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2005 में वह आमानाका थाना क्षेत्र के हत्या के मामले में जेल गया था और करीब 14 वर्ष की सजा काट चुका है। इसी दौरान जेल में उसकी पहचान संजीव दत्ता से होने की जानकारी उसने दी है। पुलिस इन बयानों का भी सत्यापन कर रही है।

चार आरोपित गिरफ्तार

Raipur Crime: पुलिस ने मामले में साहिल राय पिता विजय राय (23), निवासी अमसेना, थाना खरोरा, हाल धनसुली हाउसिंग बोर्ड, विधानसभा; संजीव दत्ता पिता सिद्धस दत्ता (27), निवासी आसमा कॉलोनी, उसलापुर, थाना सकरी, बिलासपुर; अमरजीत सिंह पिता गुरमीत सिंह (48), निवासी ग्राम चाक, थाना त्रपेडा, जिला अमृतसर, पंजाब, हाल RDA कॉलोनी हीरापुर, कबीर नगर, रायपुर और दिनेश कुमार टंडन (44), निवासी भोरिंग, थाना तुमगांव, महासमुंद को गिरफ्तार किया है।

Raipur Crime: पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, चोरी किए गए वाहनों और उनके संभावित खरीदारों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही सामने आई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं में आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

 

Share The News

1 COMMENT

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here