Friday, September 11, 2026
Home Chhattisgarh Raipur News: बाइक से लेकर कार और ट्रैक्टर तक चोरी करता था...

Raipur News: बाइक से लेकर कार और ट्रैक्टर तक चोरी करता था गिरोह, 4 आरोपी गिरफ्तार; कई वारदातों का खुलासा

Raipur News
Raipur News

Raipur News: रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की इनोवा क्रिस्टा बरामद की गई है। पूछताछ में बुलेट, KTM, एक्टिवा, स्प्लेंडर सहित ट्रैक्टर चोरी की कई घटनाओं की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी किए गए वाहनों को दूसरे लोगों के जरिए बेचने का काम करते थे। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के दूसरे वाहनों के संबंध में जांच कर रही है।

गैरेज में एक्टिवा बनवाने पहुंचा, चुरा ले गया इनोवा

मामले की शुरुआत विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंडेखुर्द स्थित रुद्रांश मोटर गैरेज से हुई। गैरेज के बाहर खड़ी इनोवा क्रिस्टा क्रमांक CG 04 NL 2725 चोरी होने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी साहिल राय एक्टिवा बनवाने के बहाने गैरेज पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक, उस समय गैरेज में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान आरोपी ने वहां रखी इनोवा की चाबी अपने पास रख ली।

इसके बाद 5 सितंबर की रात करीब 11.30 बजे साहिल चाबी लेकर वापस गैरेज पहुंचा और इनोवा को स्टार्ट कर वहां से ले गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की पहचान की और पूछताछ शुरू की। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की इनोवा क्रिस्टा बरामद कर ली गई।

एक साल में कई वाहनों पर हाथ साफ करने का दावा

पुलिस की पूछताछ में साहिल ने करीब एक साल के दौरान कई वाहन चोरी करने की जानकारी दी। आरोपी के मुताबिक, उसने मेकाहारा चिरघर के पास से बुलेट और इसके कुछ दिन बाद KTM बाइक चोरी की थी।

पुलिस के अनुसार, चोरी की बुलेट को संजीव दत्ता के माध्यम से अमरजीत उर्फ बंटी को करीब 20 हजार रुपये में बेचने की बात सामने आई है। इसके अलावा घड़ी चौक की पार्किंग से चोरी की गई एक अन्य बुलेट को भी संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत को बेचने की जानकारी पूछताछ में सामने आई।

ओडिशा तक पहुंचाए चोरी के वाहन

आरोपी ने आमानाका मेन रोड से बुलेट चोरी करने और उसे ओडिशा में अपने परिचित के माध्यम से बेचने की बात भी पुलिस को बताई है।

इसी तरह करीब पांच से छह महीने पहले आमानाका शराब दुकान के पास से अपने भाई अभिषेक राय के साथ मिलकर स्प्लेंडर बाइक चोरी करने का दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, इस वाहन के मामले में पंडरी पुलिस द्वारा भी कार्रवाई की गई है।

ट्रैक्टर चोरी कर दूसरे आरोपियों को बेचने का आरोप

पूछताछ में तेलीबांधा मरीन ड्राइव से करीब दो-तीन महीने पहले एक्टिवा चोरी करने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस के अनुसार, यह एक्टिवा संजीव दत्ता को चलाने के लिए दी गई थी।

इसके अलावा ग्राम धनसुली के एक बाड़े से लाल रंग का ट्रैक्टर चोरी करने और उसे संजीव दत्ता के साथ मिलकर अमरजीत उर्फ बंटी को बेचने की बात सामने आई है। धनसुली स्थित एक ईंट-भट्ठे से भी एक अन्य ट्रैक्टर चोरी करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, इस ट्रैक्टर को पहले जोरा बाजार के पास खड़ा किया गया और बाद में संजीव दत्ता के साथ मिलकर दिनेश कुमार टंडन को दिया गया।

चार आरोपी गिरफ्तार, पुराने मामलों की भी जांच

पुलिस ने मामले में साहिल राय (23), संजीव दत्ता (27), अमरजीत सिंह (48) और दिनेश कुमार टंडन (44) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अमरजीत सिंह ने वर्ष 2005 में आमाकांडा थाना क्षेत्र के हत्या के एक मामले में जेल जाने और करीब 14 वर्ष की सजा काटने की जानकारी दी है। इसी दौरान उसकी पहचान संजीव दत्ता से होने की बात भी सामने आई है।

Raipur News: वहीं दिनेश कुमार टंडन ने पुलिस विभाग में रहते हुए वर्ष 2016 में गांजा प्रकरण में जेल जाने और उसी दौरान संजीव दत्ता से परिचय होने की जानकारी पुलिस को दी है। इन बयानों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों, चोरी के बाकी वाहनों और इस नेटवर्क में शामिल संभावित खरीदारों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

 

Share The News