Friday, September 11, 2026
Home Chhattisgarh Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कलेक्टरों को सख्त निर्देश, विकास कार्यों...

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का कलेक्टरों को सख्त निर्देश, विकास कार्यों में देरी नहीं होगी बर्दाश्त; समयसीमा और गुणवत्ता पर जोर

Chhattisgarh News
Chhattisgarh News

Chhattisgarh News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों को लेकर सभी जिला कलेक्टरों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनसुविधा से जुड़े निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। काम में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन कार्यों की लगातार निगरानी की जाए। जिन परियोजनाओं की रफ्तार धीमी है, वहां आने वाली अड़चनों की पहचान कर उनका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि निर्धारित समय में काम पूरा हो सके।

जनता पर पड़ता है देरी का सीधा असर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि किसी भी विकास कार्य में देरी का सीधा प्रभाव आम लोगों की सुविधाओं पर पड़ता है। सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट समय पर पूरे होना जरूरी है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाए। लापरवाही या देरी की स्थिति में जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा जाए।

गरियाबंद के पुल मामले पर CM ने लिया संज्ञान

इसी बीच गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के खामभाठा क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल के कारण ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री साय ने गरियाबंद कलेक्टर रणबीर शर्मा से फोन पर चर्चा कर स्थिति की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने पुल निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए निश्चित समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब तलब करने को भी कहा।

बच्चों की सुरक्षा को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। पुल का निर्माण पूरा होने तक स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को किसी भी तरह का जोखिम उठाकर आवागमन न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन को तत्काल सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन पुल के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा है। उन्होंने खुले और खतरनाक तरीके से लगे सरियों को सुरक्षित करने, गहरे गड्ढों को दुरुस्त करने और जोखिम वाले स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जरूरत के अनुसार बैरिकेडिंग समेत अन्य सुरक्षा उपाय करने को भी कहा गया है, ताकि निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति न बने।

सभी कलेक्टरों को नियमित निगरानी के निर्देश

Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों से कहा कि वे अपने-अपने जिलों में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें। परियोजनाओं में आ रही बाधाओं को समय रहते दूर कर काम की गति बढ़ाई जाए।

Chhattisgarh News: उन्होंने अधिकारियों से जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ काम करने की अपेक्षा जताते हुए कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों का लाभ नागरिकों को निर्धारित समय पर मिलना चाहिए। जनसुविधा और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here