मुंबई। Nishaanebaz.com-Pawan Singh Song Copyright Dispute: भोजपुरी सिनेमा के ‘पावर स्टार’ पवन सिंह के सुपरहिट गाने ‘सॉरी-सॉरी’ को लेकर एक बड़ा कानूनी विवाद खड़ा हो गया है। इस चर्चित गाने के कॉपीराइट्स रखने वाली प्रसिद्ध म्यूजिक कंपनी वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स ने एंटरटेनमेंट कंपनी बनिजय एशिया के खिलाफ कानूनी नोटिस भेजा है। कंपनी ने आरोप लगाया है कि उनके इस लोकप्रिय गाने का इस्तेमाल हाल ही में प्रसारित रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के सीजन 1 में बिना किसी पूर्व अनुमति अथवा लाइसेंस के किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह सुपरहिट गाना वर्ष 2016 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर भोजपुरी फिल्म ‘भोजपुरिया राजा’ का है, जिसमें पवन सिंह के साथ मशहूर अभिनेत्री काजल राघवानी मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स की ओर से भेजे गए कानूनी नोटिस में उल्लेख किया गया है कि ‘सॉरी-सॉरी’ गाने का इस्तेमाल बिना इजाजत के रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ के पहले सीजन के 16वें एपिसोड में किया गया, जो कि कॉपीराइट अधिनियम का सीधा उल्लंघन है।
View this post on Instagram
न्यूज एजेंसी आईएएनएस (IANS) के मुताबिक, म्यूजिक कंपनी ने यह लीगल नोटिस देश की जानी-मानी लॉ फर्म ‘आनंद एंड आनंद’ के जरिए भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि कंपनी के पास जिस गाने के एक्सक्लूसिव म्यूजिक राइट्स हैं, उसका व्यावसायिक इस्तेमाल बिना आवश्यक रॉयल्टी या मंजूरी के किया गया। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स ने बनिजय एशिया को नोटिस मिलने के सात दिनों के भीतर अपना औपचारिक पक्ष रखने का अल्टीमेटम दिया है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में उचित जवाब नहीं मिलता है, तो शो के प्रसारण पर रोक, हर्जाने और मुआवजे की मांग को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
गौरतलब है कि इसी मामले में इससे पहले सितंबर 2025 में भी एक प्राथमिक नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, इस नए कानूनी नोटिस और आरोपों को लेकर फिलहाल बनिजय एशिया की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या सफाई सामने नहीं आई है। भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में गानों के री-यूज और कॉपीराइट उल्लंघन को लेकर इस तरह का कड़ा रुख आने वाले समय में अन्य प्रोडक्शन हाउसों के लिए एक बड़ा नजीर पेश कर सकता है।