सक्ति, छत्तीसगढ़। जांजगीर-चांपा जिले के सक्ती क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। रविवार को एक तेज रफ्तार हार्वेस्टर से टकराकर बाइक सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक का सिर धड़ से अलग हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हार्वेस्टर के चालक ने मशीन से कटर नहीं हटाया था, जिससे बाइक सवार युवक उसकी चपेट में आ गए। तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान स्थानीय गांव के युवकों के रूप में हुई है।
घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। उन्होंने दोषी ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को शांत कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने फिर से भारी मशीनों के असुरक्षित संचालन और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।











