Gang War :रीवा। रीवा में एक बार फिर गैंगवार की घटना सामने आई है। रिहायशी इलाके में खुलेआम हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से लोग दहशत में आ गए। पुलिस के अनुसार यह विवाद एक महिला को लेकर हुआ था, जो आपसी रंजिश के बाद गैंगवार में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक, समान थाना क्षेत्र के इंद्रा नगर में हुई पहली गोलीकांड की घटना अभी शांत भी नहीं हुई थी कि गुरुवार रात फिर से फायरिंग की एक और वारदात सामने आई। शनिवार शाम इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
रीवा में अवैध नशे के साथ-साथ अवैध हथियारों की तस्करी भी बढ़ती जा रही है, जो लगातार गोलीबारी की घटनाओं का कारण बन रही है। पुलिस अब तक इस तस्करी को रोकने में पूरी तरह सफल नहीं हो पाई है।
बिछिया थाना प्रभारी मनीषा उपाध्याय ने बताया कि विवाद में शामिल आरोपी अतुल सिंह, जो चुरहट का रहने वाला है और वर्तमान में बंदराव में रहता है, के घर के बाहर रिपू दमन पांडेय और दिवाकर सिंह ने फायरिंग की। साथ ही अतुल सिंह की फोर-व्हीलर गाड़ी को पत्थरों से नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।









