Bhilai Crime: भिलाई। दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित कुणाल होटल में 19 वर्षीय युवक शादाब शेख की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज और परिजनों के आरोपों ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के अनुसार, शादाब शेख अपनी गर्लफ्रेंड के साथ होटल के कमरा नंबर 201 में ठहरा था। अगले दिन सुबह उसका शव कमरे में मिला। परिजनों का आरोप है कि युवती पूरी रात शव के साथ कमरे में रही। सुबह वह होटल से बाहर निकली, एक दुकान से सिगरेट और ब्लेड खरीदा और फिर वापस कमरे में चली गई। यह पूरी गतिविधि होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
Bhilai Crime: परिजन पहुंचे तो युवती ने खोला दरवाजा
बताया जा रहा है कि शादाब के दोस्तों को सूचना मिली थी कि उसकी तबीयत बिगड़ गई है। जब दोस्त और परिजन होटल पहुंचे तो कमरे का दरवाजा युवती ने खोला। अंदर शादाब का शव बेड पर पड़ा था, जबकि पंखे से स्कार्फ का फंदा लटका हुआ मिला। इसके बाद परिजनों ने युवती पर हत्या का आरोप लगाया।
परिवार का दावा- शादाब आत्महत्या नहीं कर सकता
मृतक के भाई अल्ताफ शेख का कहना है कि शादाब पिछले छह महीने से युवती के साथ रिश्ते में था। उनका आरोप है कि होटल में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। परिवार का कहना है कि शादाब के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और वह आत्महत्या जैसा कदम नहीं उठा सकता। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों और दोस्तों का दावा है कि घटना से पहले शादाब की पूर्व प्रेमिका का फोन आया था, जिसके बाद होटल के कमरे में दोनों के बीच विवाद हुआ। हालांकि, इस संबंध में पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
Bhilai Crime: पुलिस ने क्या कहा?
Bhilai Crime: भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि होटल के कमरे से युवक का शव बरामद हुआ है। मौके से शराब की बोतलें भी मिली हैं और शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों ने शराब पी थी। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और सभी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
Bhilai Crime: कई सवालों के जवाब बाकी
Bhilai Crime: फिलहाल मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। युवती ने रातभर पुलिस या होटल प्रबंधन को सूचना क्यों नहीं दी? सुबह वह सिगरेट और ब्लेड खरीदने क्यों गई? शव मिलने के बाद घटनाक्रम क्या रहा? इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
Bhilai Crime: पुलिस ने अभी तक यह आधिकारिक रूप से नहीं बताया है कि युवती को हिरासत में लिया गया है या नहीं। जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से हुई मौत।







