लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि विधायक पूजा पाल की जान को खतरा है और इसके पीछे भाजपा का हाथ हो सकता है। अखिलेश ने कहा कि “भाजपा वाले पूजा पाल को मार देंगे और जेल हम लोगों को जाना पड़ेगा। इसलिए यह जांच का विषय है कि पूजा पाल को आखिर किससे खतरा है।”
Read News : यूपी एटीएस ने पकड़ा फर्जी आधार कार्ड रैकेट, UIDAI से करें नंबर वेरिफिकेशन
उन्होंने यूपी सरकार पर अविश्वास जताते हुए केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर मामले की जांच की मांग की है। अखिलेश का कहना है कि “जब किसी को मुख्यमंत्री से मिलने के बाद भी जान का खतरा महसूस हो, तो यह गंभीर स्थिति है।”
सपा अध्यक्ष ने कहा कि पूजा पाल लंबे समय तक समाजवादी पार्टी के साथ रहीं और उस दौरान उन्हें किसी तरह का खतरा नहीं था। लेकिन मौजूदा राजनीतिक हालात बदल गए हैं और अब साजिश रची जा रही है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले ही पूजा पाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पत्र जारी कर अखिलेश यादव पर आरोप लगाया था। उन्होंने लिखा था कि “अगर मेरे पति की तरह मेरी हत्या होती है, तो इसका जिम्मेदार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव होंगे।”
14 अगस्त को विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करने पर सपा ने पूजा पाल को पार्टी से बर्खास्त कर दिया था। उन्होंने सदन में कहा था कि “योगी सरकार ने माफिया अतीक अहमद को मिट्टी में मिला दिया।” उनकी यह टिप्पणी सपा को नागवार गुजरी और महज आठ घंटे बाद ही उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया।
Read News : खमरिया आयुध निर्माणी में हादसा : संविदा कर्मचारी झुलसा, निजी अस्पताल में भर्ती
अब अखिलेश यादव के इस बयान से यूपी की सियासत में नया तूफान उठ गया है। भाजपा और सपा आमने-सामने हैं और राजनीतिक माहौल और गरमाता दिख रहा है।













