गणेश विसर्जन पर बवाल : तखतपुर (बिलासपुर)। गणेश विसर्जन के जश्न ने रविवार रात गांव भिलौनी को दहशत में बदल दिया। प्रतिबंधित डीजे बजाने से रोकना ग्राम पंचायत भिलौनी की महिला उप सरपंच संध्या यादव और उनके परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। आरोप है कि गांव के कुछ युवक ब्लेनो कार से लाठी-डंडे लेकर उनके घर घुस गए, बिजली की लाइन काट दी और पूरे परिवार पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में पति महेश यादव और बेटा अंकित यादव गंभीर रूप से घायल हुए, जबकि बेटी कोमोलिका यादव समेत जेठ, जेठानी, ससुर और भतीजे को भी चोटें आईं। सभी घायलों का इलाज सिम्स अस्पताल बिलासपुर में जारी है।
गणेश विसर्जन पर बवाल : आरोपियों पर एफआईआर, पुलिस की दबिश
इस वारदात में गांव के ही उमेश यादव, रितेश यादव, अभिषेक यादव, प्रेमचंद यादव, राजेश यादव और धनसाय यादव का नाम सामने आया है। पुलिस ने बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, हमलावर पक्ष के कुछ युवक भी इस झगड़े में घायल बताए जा रहे हैं।
गांव में खौफ, डीजे जब्त
घटना के बाद भिलौनी गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल खड़े होते हैं। पुलिस ने मौके से डीजे जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
बैन के बावजूद बज रहा डीजे
गौरतलब है कि हाईकोर्ट के निर्देश के बाद छत्तीसगढ़ में डीजे पर रोक है, इसके बावजूद तखतपुर क्षेत्र में बिना अनुमति के डीजे बजाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि डीजे के तेज कंपन से बुजुर्गों, बच्चों और हृदय रोगियों को गंभीर परेशानी होती है।













