निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शुक्रवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है।जानकारी के अनुसार बिछिया थाना क्षेत्र के लोही फ्लाईओवर के पास अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
निमंत्रण में जा रहा था युवक
बताया जा रहा है कि घायल युवक शिवेंद्र यादव किसी निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था।घायल युवक के पिता के मुताबिक वे मूल रूप से बरीगवां गांव के निवासी हैं और वर्तमान में चिरहुला मंदिर के पास रहते हैं। शुक्रवार शाम को उनके बेटे का दोस्त प्रतीक उसे एक कार्यक्रम में ले जाने के लिए आया था, जिसके बाद दोनों बाइक से निकल गए।
Read More : सिंगरौली: अडानी पावर प्लांट में हादसा, ऊंचाई से गिरकर मजदूर की मौत के बाद श्रमिकों में आक्रोश
हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
रात करीब 12 से 1 बजे के बीच लोही फ्लाईओवर के नीचे चार से पांच युवकों ने बाइक सवार शिवेंद्र और उसके दोस्त को रोकने की कोशिश की।जब दोनों नहीं रुके तो हमलावरों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान दो गोलियां शिवेंद्र यादव को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
संजय गांधी अस्पताल में चल रहा उपचार
घटना के बाद घायल युवक को तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि घटना पुलिस के संज्ञान में है और अस्पताल में उपचाराधीन शिवेंद्र यादव से पूछताछ की जा रही है।उन्होंने कहा कि पूछताछ और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।











