M.P Crime : दमोह में शादी के नाम पर हजारों लोगों से ठगी, 1100-1100 रुपये लेकर फरार हुए आयोजक

Rahul Goshwami

दमोह: मध्य प्रदेश के दमोह जिले में विवाह कराने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक संस्था ने “सर्व समाज परिचय सम्मेलन” आयोजित करने का दावा करते हुए हजारों युवक-युवतियों और उनके परिवारों से 1100 रुपये की रजिस्ट्रेशन फीस वसूली।

बताया जा रहा है कि करीब 8 से 10 हजार लोगों ने इस कार्यक्रम के लिए आवेदन किया, लेकिन तय तारीख पर जब लोग कार्यक्रम स्थल पहुंचे तो उन्हें पता चला कि पूरा आयोजन ही फर्जी है। इसके बाद नाराज लोगों ने जमकर हंगामा किया।

मैरिज गार्डन में जुटी हजारों लोगों की भीड़

जानकारी के अनुसार, दमोह के एक निजी मैरिज गार्डन में इस परिचय सम्मेलन का आयोजन बताया गया था। सुबह से ही लोग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचने लगे थे और दोपहर तक वहां हजारों की भीड़ जमा हो गई।

कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोग केवल दमोह ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों और गांवों से भी पहुंचे थे। सभी को उम्मीद थी कि यहां उन्हें अपने लिए या अपने रिश्तेदारों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी मिल सकेगा।

लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद लोगों को पता चला कि परिचय कार्यक्रम की कोई ठोस व्यवस्था ही नहीं की गई थी। इसके बाद भीड़ में अफरा-तफरी फैल गई और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।

Read More : M.P News : इंदौर में गेहूं के खेत में भीषण आग, 40 बीघा फसल जलकर खाक

गांव-गांव चलाया गया था प्रचार

पीड़ितों का कहना है कि पिछले करीब एक महीने से आयोजकों द्वारा गांव-गांव जाकर प्रचार किया जा रहा था। जगह-जगह पंपलेट बांटे गए और लोगों को बताया गया कि 1100 रुपये जमा करने पर उन्हें एक बड़े वैवाहिक सम्मेलन में शामिल किया जाएगा।

इस कार्यक्रम में युवक-युवतियों का परिचय कराया जाएगा और विवाह संबंध तय कराने में मदद की जाएगी। शादी के लिए जीवनसाथी की तलाश कर रहे कई युवाओं और उनके परिवारों ने इस प्रस्ताव को उम्मीद की तरह देखा और बड़ी संख्या में रजिस्ट्रेशन कराया।

पैसे लेकर दिया शादी का झांसा

लोगों के मुताबिक आयोजकों ने बड़े पैमाने पर प्रचार करके हजारों लोगों से 1100 रुपये की फीस ली। लेकिन जब सभी लोग तय दिन मैरिज गार्डन पहुंचे तो वहां न तो कोई मंच था और न ही कार्यक्रम की तैयारी।

धीरे-धीरे लोगों को समझ में आ गया कि उन्हें शादी का झांसा देकर पैसे वसूले गए हैं। इसके बाद गुस्साए लोगों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

पुलिस पहुंची, आयोजक मौके से फरार

हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। काफी समझाइश के बाद प्रदर्शन कर रहे लोग शांत हुए, लेकिन उन्होंने आयोजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि हंगामा होते ही कार्यक्रम का मुख्य आयोजक मौके से फरार हो गया। वहां केवल एक युवक और एक युवती मिले, जिन्हें आयोजक का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

हर एंगल से जांच करेगी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संस्था ने बड़े स्तर पर प्रचार करके हजारों लोगों से पैसे वसूले हैं और उन्हें भ्रम में रखा गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *