MY Hospital : इंदौर : एमवाय अस्पताल इंदौर से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है… यहाँ भर्ती एक महिला को एक्सपायरी डेट की बोतल चढ़ाने का आरोप लगा है। जानकारी के मुताबिक महिला के पेट में गंदा पानी भरने की शिकायत लेकर अस्पताल आई थी, लेकिन इलाज के दौरान उसे एक्सपायरी बोतल चढ़ा दी गई।
घटना सामने आने के बाद पत्रकारों ने अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर अशोक यादव से बात की। अधीक्षक ने बताया कि महिला मेडिसिन विभाग में भर्ती है और उसे डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाएं ही दी जा रही हैं।डॉ. यादव ने कहा कि नर्स जब बोतल स्टैंड पर लगा रही थी तभी उसने नोटिस किया कि बोतल की एक्सपायरी डेट अगस्त 2025 की है। इसके बाद तुरंत वह बोतल हटाकर नई बोतल लगा दी गई।इसी दौरान किसी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
अधीक्षक ने साफ कहा कि अस्पताल में एक्सपायरी डेट की दवाओं का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। स्टोर में भी जांच की जा रही है कि कहीं कोई एक्सपायरी दवा मौजूद तो नहीं। यदि मिली तो उसका तुरंत निपटान किया जाएगा।डॉ. यादव ने जानकारी दी कि मामले की जांच के लिए एक समिति बना दी गई है और सरकार द्वारा जो भी कार्रवाई होगी, अस्पताल उसका पालन करेगा।
MY Hospital : इधर मामले ने तूल पकड़ने के बाद नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी अस्पताल की लापरवाही पर गंभीर नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिलाधीश को ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।











