Kerala Nikaya Chunav : नई दिल्ली / तिरुवनंतपुरम, केरल। केरल की राजनीति में एक बड़ा राजनीतिक भूचाल देखने को मिला है। स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सत्ता पर कब्ज़ा कर लिया है। यह परिणाम वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, क्योंकि LDF पिछले चार दशकों से अधिक समय तक लगातार इस निगम पर काबिज रहा था। राजधानी में यह सत्ता परिवर्तन केरल की पारंपरिक राजनीति के लिए एक निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।
Kerala Nikaya Chunav : राजनीतिक दृष्टि से तिरुवनंतपुरम बेहद अहम क्षेत्र है। यह न सिर्फ राज्य की प्रशासनिक राजधानी है, बल्कि यहाँ से कांग्रेस के दिग्गज नेता शशि थरूर लगातार चार बार सांसद चुने गए हैं। ऐसे क्षेत्र में, जो लंबे समय से कांग्रेस (UDF) और वाम मोर्चे (LDF) के प्रभाव वाला माना जाता रहा है, नगर निगम में बीजेपी की जीत ने राज्य की राजनीति में नए समीकरणों को जन्म दे दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह जीत विधानसभा चुनावों में 2-3 सीटें जीतने से कहीं ज्यादा असरदार है, क्योंकि यह शहरी मतदाता के पारंपरिक राजनीतिक ध्रुवीकरण से हटकर एक नए विकल्प की तलाश को दर्शाता है।
Thank you Thiruvananthapuram!
The mandate the BJP-NDA got in the Thiruvananthapuram Corporation is a watershed moment in Kerala’s politics.
The people are certain that the development aspirations of the state can only be addressed by our Party.
Our Party will work towards…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 13, 2025
Kerala Nikaya Chunav : स्थानीय चुनावी रुझानों से स्पष्ट है कि शहरी इलाकों में LDF प्रशासन के ख़िलाफ़ नाराजगी उभरी है। प्रशासन, शहरी बुनियादी ढांचे, पारदर्शिता और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं का असंतोष नगर निगम चुनावों में खुलकर सामने आया। तिरुवनंतपुरम जैसे LDF के मजबूत गढ़ में मिली इस हार ने वाम मोर्चे की रणनीति पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, LDF नेतृत्व ने नतीजों को गंभीरता से लेते हुए आत्ममंथन की बात कही है और कहा है कि चुनाव परिणामों का वार्ड स्तर पर विश्लेषण किया जाएगा।
Kerala Nikaya Chunav : बीजेपी ने इस जीत को ऐतिहासिक और निर्णायक जनादेश बताया है। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह परिणाम केरल में बीजेपी के बढ़ते संगठनात्मक आधार और जनता के बदलते मूड का स्पष्ट प्रमाण है। पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और इसे केरल में बीजेपी के लिए भविष्य की राजनीति का मजबूत आधार माना जा रहा है, जहाँ अब तक मुकाबला मुख्य रूप से LDF और UDF के बीच ही सीमित रहा था।
Kerala Nikaya Chunav : बीजेपी की इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तुरंत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शहर की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने लिखा, “Thank you Thiruvananthapuram!” पीएम मोदी ने इस जनादेश को केरल की राजनीति में एक ‘वॉटरशेड मोमेंट’ (Watershed Moment) करार दिया। उन्होंने कहा कि यह समर्थन इस बात का संकेत है कि राज्य के लोग मानते हैं कि केरल की विकासात्मक आकांक्षाओं को केवल बीजेपी ही पूरा कर सकती है। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पार्टी तिरुवनंतपुरम जैसे जीवंत शहर के विकास के लिए काम करेगी और आम लोगों के लिए ‘Ease of Living’ को और बेहतर बनाएगी।
Kerala Nikaya Chunav : तिरुवनंतपुरम नगर निगम में सत्ता परिवर्तन ने अब अगले विधानसभा चुनावों के लिए जमीन तैयार कर दी है। बीजेपी अब इस जीत को पूरे राज्य में एक राजनीतिक संदेश के रूप में इस्तेमाल करेगी, जबकि LDF और UDF को अपने पारंपरिक गढ़ में लगे इस झटके से उबरने के लिए अपनी रणनीतियों पर व्यापक रूप से पुनर्विचार करना होगा।











