Gandhi Memorial Hospital : रीवा: गांधी स्मारक चिकित्सालय में महिला गार्ड ने सीनियर डॉक्टर से की बदसलूकी, मचा हड़कंप; पीकू वार्ड से हटाई गई सुरक्षाकर्मी

0
171

Gandhi Memorial Hospital : रीवा (संवाददाता, विकास बघेल): श्याम शाह मेडिकल कॉलेज से संबद्ध गांधी स्मारक चिकित्सालय में बुधवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पीडियाट्रिक विभाग के पीकू (PICU) वार्ड में तैनात एक महिला सुरक्षाकर्मी ने सीनियर डॉक्टर के साथ न केवल अभद्रता की, बल्कि उनसे भिड़ गई। इस घटना के बाद अस्पताल में डॉक्टरों और सुरक्षा कर्मियों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।

क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर 1 बजे से 9 बजे की पाली में तैनात महिला सुरक्षाकर्मी लक्ष्मी उपाध्याय ड्यूटी पर थी। इस दौरान कॉरिडोर में भीड़ बढ़ती जा रही थी, जिससे वार्ड के अंदर बच्चों के उपचार में चिकित्सकों को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। वार्ड में मौजूद डॉक्टर गौरव ने जब सुरक्षाकर्मी को सख्ती के साथ भीड़ रोकने की हिदायत दी, तो महिला गार्ड आग बबूला हो गई। देखते ही देखते वह डॉक्टर से ही उलझ गई और उनके साथ बदसलूकी शुरू कर दी। वार्ड में मौजूद अन्य लोगों और सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप कर स्थिति को किसी तरह संभाला।

प्रबंधन से पत्राचार और कार्यवाही घटना के तुरंत बाद डॉक्टर गौरव ने अस्पताल प्रबंधन और सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली ‘हाइट्स’ कंपनी के अधिकारियों को पत्र लिखकर इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने साफ कहा कि ड्यूटी के दौरान इस प्रकार की अभद्रता और बदसलूकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने तुरंत प्रभाव से महिला सुरक्षाकर्मी को पीकू वार्ड से हटा दिया है।

अधीक्षक बोले- होगी सख्त कार्रवाई पूरे घटनाक्रम पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने कहा, “हमें डॉक्टर द्वारा महिला सुरक्षाकर्मी के खिलाफ लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल अस्पताल प्रबंधन इस बात की भी जांच कर रहा है कि सुरक्षाकर्मी द्वारा इस तरह का व्यवहार क्यों किया गया और क्या उसे भीड़ नियंत्रित करने के लिए उचित निर्देश नहीं मिले थे।

बाइट:

“महिला सुरक्षाकर्मी द्वारा डॉक्टर के साथ अभद्रता करने की शिकायत मिली है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उक्त गार्ड को पीकू वार्ड से हटा दिया गया है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।” — डॉ. राहुल मिश्रा, अस्पताल अधीक्षक, संजय गांधी अस्पताल (रीवा)

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here