MP Crime: एयरफोर्स जॉइन करने से एक दिन पहले रची गई हत्या की साजिश, बैतूल पुलिस ने किया ब्लाइंड मर्डर का खुलासा

Anuj Nirala

MP Crime:शशांक सोनकपुरिया\ बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में भारतीय वायुसेना (Air Force) में चयनित एक होनहार युवक की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से महज एक दिन पहले युवक की सुनियोजित साजिश के तहत हत्या कर दी गई। पुलिस जांच में सामने आया कि जमीन के लालच और पुरानी रंजिश के चलते मृतक के जीजा सहित तीन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने पूरे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

26 जुलाई को एयरफोर्स ट्रेनिंग के लिए जाना था

मामला बैतूल जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम पुसली का है। यहां रहने वाले मोहित गलफट का चयन भारतीय वायुसेना में हुआ था और उसे 26 जुलाई को प्रशिक्षण के लिए रवाना होना था। परिवार और गांव में इस सफलता को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन ट्रेनिंग पर जाने से एक दिन पहले ही मोहित रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। बाद में उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

Rewa School: रीवा में जर्जर स्कूल बना हादसे का इंतजार, छत से झर रहा मलबा; बांस-पन्नी के नीचे पढ़ने को मजबूर बच्चे

जमीन के लालच में रची गई हत्या की साजिश

MP Crime: पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के जीजा राजा मस्की की नजर परिवार की करीब 7 से 8 एकड़ कृषि भूमि पर थी। वहीं सह-आरोपी संजय और आकाश के परिवार का भी लंबे समय से जमीन, सिंचाई और अन्य विवादों को लेकर मृतक के परिवार से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश और जमीन हथियाने की मंशा ने हत्या की पूरी साजिश को जन्म दिया।

झोपड़ी पर बुलाकर वायर से घोंटा गला

पुलिस के अनुसार 25 जुलाई की रात मोहित प्रसाद लेकर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे बहाने से खेत में बनी झोपड़ी पर बुलाया। वहां पहले से घात लगाए बैठे तीनों आरोपियों ने वायर से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर कुएं में फेंक दिया गया। वहीं जूते और अन्य सामान अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए, ताकि मामला दुर्घटना या गुमशुदगी जैसा प्रतीत हो।

वैज्ञानिक जांच से खुला पूरा राज

MP Crime: शुरुआत में मामला रहस्यमय लग रहा था, लेकिन बैतूल पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, मोबाइल फोन की लोकेशन, तकनीकी विश्लेषण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य फोरेंसिक सबूतों के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर दिया। जांच के दौरान आरोपियों के बयान और तकनीकी साक्ष्य एक-दूसरे से मेल खाने पर पुलिस हत्यारों तक पहुंच गई।

तीन आरोपी गिरफ्तार, अन्य की भूमिका की जांच जारी

MP Crime: पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी राजा मस्की सहित संजय और आकाश को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस सुनियोजित हत्याकांड में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

MP Crime: रीवा में दुकान पर शराब पिलाने से मना किया तो युवकों पर जानलेवा हमला, CCTV में कैद हुई दबंगई

पुलिस की बड़ी सफलता

बैतूल पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस को वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के जरिए सुलझाकर बड़ी सफलता हासिल की है। एयरफोर्स में देश सेवा का सपना देखने वाले युवक की हत्या ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। अब पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है ताकि इस साजिश से जुड़े सभी दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाया जा सके।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *