Khairagarh News: खैरागढ़। फॉरेस्ट कॉलोनी परिसर की बाउंड्रीवाल निर्माण में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। यह निर्माण कार्य राज्य कैम्पा मद के तहत किया जा रहा था, जिसकी लागत लगभग 39 लाख 20 हजार रुपए बताई गई थी। लेकिन आरटीआई से मिले दस्तावेजों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Khairagarh News: ग्राम अछोली के शंकर वर्मा और बिजलदेही के आदित्य सिंह परिहार ने आरटीआई के जरिए जानकारी मांगी तो पता चला कि मजदूरी भुगतान में भारी गड़बड़ियां की गई हैं। एक ही व्यक्ति शैलेन्द्र मिश्रा को एक ही अवधि के लिए बार-बार भुगतान किया गया।
Khairagarh News: रिकॉर्ड के अनुसार, 6 से 11 मार्च 2021 तक किए गए कार्य के लिए 7,852 रुपए का भुगतान हुआ, लेकिन 8 से 16 मार्च 2021 की अवधि के लिए दोबारा 22,189 रुपए दे दिए गए, जबकि इसमें 6 से 11 मार्च की तारीखें पहले से शामिल थीं। इसी तरह फरवरी 2021 में 13 से 15 फरवरी तक किए गए कार्य का भुगतान 1,332 रुपए किया गया और उसी अवधि को 13 से 18 फरवरी दिखाकर 5,595 रुपए फिर से दे दिए गए।
Khairagarh News: आरटीआई रिपोर्ट में मई और जुलाई 2021 में भी ऐसे कई दोहराव भुगतान सामने आए हैं। जुलाई में 9 से 19 जुलाई, 13 से 21 जुलाई और 17 से 30 जुलाई के बीच की अवधि में 17, 18 और 19 जुलाई की मजदूरी तीन बार तथा 20 और 21 जुलाई की मजदूरी दो बार दी गई। मई में भी 21 से 23 मई और 25 से 28 मई की अवधि में दो-दो बार भुगतान दर्ज है।
Khairagarh News: आरटीआई कार्यकर्ताओं ने इस पूरे मामले की शिकायत खैरागढ़ कलेक्टर कार्यालय में की है। उनका कहना है कि यह केवल एक व्यक्ति के भुगतान का मामला नहीं, बल्कि विभागीय मिलीभगत का बड़ा उदाहरण है। उन्होंने मांग की है कि इस प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। यह मामला सरकारी योजनाओं में धन के दुरुपयोग और फाइलों के खेल को उजागर करता है।













