इंदौर में ‘संकल्प से समाधान’ जनता चौपाल, महापौर पहुंचे वार्ड 84, जनता ने सामने रखीं पानी, ड्रेनेज और अतिक्रमण की समस्याएं

Rahul Goshwami

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : इंदौर नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत शहर के वार्डों में लगातार जनता चौपाल आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विधानसभा-4 के अंतर्गत आने वाले वार्ड 84 का दौरा किया। महापौर ने क्षेत्र का दो पहिया वाहन से निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की स्थिति को देखा और बाद में आयोजित जनता चौपाल में रहवासियों से सीधे संवाद किया।

पानी, ड्रेनेज और अतिक्रमण बनी बड़ी समस्या

चौपाल के दौरान स्थानीय नागरिकों ने पानी की कमी, ड्रेनेज लाइन की खराब स्थिति, अतिक्रमण और जल जमाव जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कई रहवासियों ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायतों पर स्थानीय पार्षद और निगम अधिकारी ध्यान नहीं देते, जिसके कारण समस्याएं लंबे समय से जस की तस बनी हुई हैं।

रहवासियों के आक्रोश के बीच समाधान का आश्वासन

जनता के आक्रोश का सामना करते हुए महापौर ने भरोसा दिलाया कि सभी समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही और कहा कि नागरिकों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।

Read More : Indore News : इंदौर में अफवाह का कहर….बच्चा चोर समझकर महिला से मारपीट, मारपीट का वीडियो हुआ वायरल.

महिला के सवाल से गूंजा मंच

चौपाल में उस समय माहौल बदल गया जब एक महिला ने महापौर से सवाल किया कि जब नगर निगम कर्ज़ में डूबा है तो बार-बार सड़कों का निर्माण कर उन्हें दोबारा क्यों खोदा जाता है। अधूरे कार्यों, धूल और बदहाल हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने जवाबदेही तय करने की मांग की। महिला की बेबाक टिप्पणी पर चौपाल में तालियां गूंज उठीं, जिसने जनभावनाओं को स्पष्ट रूप से सामने ला दिया।

जनता चौपाल से सामने आई जमीनी हकीकत

‘संकल्प से समाधान’ जनता चौपाल के माध्यम से शहर की वास्तविक समस्याएं और प्रशासनिक दावों की सच्चाई सामने आ रही है। यह पहल प्रशासन और नागरिकों के बीच संवाद बढ़ाने का मंच बन रही है, जहां लोग खुलकर अपनी बात रख रहे हैं और समाधान की उम्मीद जता रहे हैं।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *