Indore Jan Sunwai : इंदौर। इंदौर जिला कलेक्टर कार्यालय में आज आयोजित जनसुनवाई में शिकायतों का अंबार लगा रहा। कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कई गंभीर मामलों का मौके पर ही निराकरण कर आवेदकों को तत्काल राहत प्रदान की गई।
विभिन्न श्रेणियों में मिले आवेदन जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, गंभीर बीमारियों के इलाज, आर्थिक सहायता, घरेलू हिंसा और बुजुर्गों के भरण-पोषण से संबंधित ढेरों आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुरानी शिकायतों की समीक्षा और सख्त लहजा कलेक्टर ने न केवल नई समस्याएं सुनीं, बल्कि पूर्व की जनसुनवाई में लंबित रही शिकायतों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि शिकायतों का निराकरण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आवेदनों का तय समय सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बाइट: शिवम वर्मा (कलेक्टर, इंदौर) “आज की जनसुनवाई में मुख्य रूप से इलाज, शिक्षा और घरेलू विवादों से संबंधित आवेदन आए हैं। हमने कई प्रकरणों में मौके पर ही सहायता मंजूर की है और शेष के लिए समय सीमा निर्धारित कर दी गई है। हमारा उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुगमता से पहुंचे।”
जनसुनवाई के माध्यम से प्रशासन ने एक बार फिर आम जनता के बीच अपनी पहुँच और संवेदनशीलता को दोहराया है।











