Tuesday, September 22, 2026
Home Sports India vs Japan: जापान के खिलाफ कौन करेगा ओपनिंग? वैभव-अभिषेक की जोड़ी...

India vs Japan: जापान के खिलाफ कौन करेगा ओपनिंग? वैभव-अभिषेक की जोड़ी पर टिकी नजरें

India vs Japan
India vs Japan

India vs Japan: भारत और जापान के बीच मंगलवार को सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर ऐतिहासिक मुकाबला खेला जाएगा। यह पुरुष क्रिकेट में दोनों टीमों के बीच पहला टी20 इंटरनेशनल मैच होगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होना है। हालांकि मैच पर टाइफून का खतरा भी बना हुआ है।

इस मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा भारत की संभावित ओपनिंग जोड़ी को लेकर है। अगर टीम मैनेजमेंट ने 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने का मौका दिया, तो दोनों बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज पावरप्ले में तेजी से रन बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

अभिषेक शर्मा हाल ही में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में सिर्फ 30 गेंदों पर शतक लगाकर सुर्खियों में आए थे। वहीं युवा वैभव सूर्यवंशी भी अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के कारण लगातार चर्चा में हैं।

हालांकि ओपनिंग के लिए भारत के पास संजू सैमसन का विकल्प भी मौजूद है। वैभव को लेकर टीम प्रबंधन पहले ही संकेत दे चुका है कि उन्हें अपनी बारी का इंतजार करना होगा। हेड कोच गौतम गंभीर का कहना है कि पिछले कुछ समय से लगातार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अचानक नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। ऐसे में जापान के खिलाफ अंतिम प्लेइंग इलेवन में वैभव को मौका मिलता है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी।

एशियन गेम्स की तैयारी के लिहाज से भी यह मुकाबला भारत के लिए अहम है। भारतीय पुरुष टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण के पास है। ऐसे में टीम संयोजन में बदलाव की संभावना बनी हुई है।

जापान के लिए भी खास है मुकाबला

जापान में बेसबॉल काफी लोकप्रिय है, जबकि क्रिकेट अभी वहां शुरुआती दौर में है। ऐसे में भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुकाबला जापान के क्रिकेट के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है।

भारत-जापान का यह मुकाबला दोनों देशों के 75 साल के राजनयिक संबंधों से भी जुड़ा है। दोनों टीमें एशियन गेम्स में भी हिस्सा लेंगी। भारत सीधे क्वार्टर फाइनल से अभियान शुरू करेगा, जबकि जापान ग्रुप चरण में मुकाबले खेलेगा।

सानो में होगा ऐतिहासिक मुकाबला

मुकाबला तोचिगी प्रीफेक्चर स्थित सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस मैदान की दर्शक क्षमता करीब 2,000 है और इसका इस्तेमाल बेसबॉल के लिए भी किया जाता है। ऐसे में बेसबॉल के लिए मशहूर देश में भारत और जापान के बीच क्रिकेट का यह मुकाबला खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

India vs Japan: जापान की टीम की कप्तानी केंडल काडोवाकी-फ्लेमिंग करेंगे। जापान ने एशियन गेम्स के लिए चुनी गई टीम को ही इस मुकाबले में उतारा है। वहीं भारतीय टीम में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, ईशान किशन, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि सानो में भारत की पारी की शुरुआत कौन करेगा और क्या वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग का मौका मिलेगा?

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here