Entertainment: बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा अब ओटीटी की दुनिया में कदम रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उनकी आगामी वेब सीरीज ‘शक: ट्रस्ट No वन’ का ऐलान हो चुका है, जिसके जरिए वह ओटीटी पर अपना धमाकेदार डेब्यू करने जा रही हैं।
इस खास मौके पर अभिनेत्री के परिवार और पति की तरफ से प्यार भरा सपोर्ट देखने को मिला। एक्ट्रेस की बड़ी बहन और ग्लोबल आइकन प्रियंका चोपड़ा के साथ-साथ उनके पति व जाने-माने राजनेता राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया के जरिए परिणीति को इस नए सफर के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दी हैं।
पति राघव चड्ढा ने जाहिर की अपनी खुशी
परिणीति चोपड़ा के पति राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर एक प्यारा सा पोस्ट शेयर करते हुए शूटिंग के दौरान के कुछ खास अनुभव साझा किए। उन्होंने लिखा कि उन्हें अपनी पत्नी पर बेहद गर्व है और वह जानते हैं कि परिणीति ने इस सीरीज के लिए कितनी कड़ी मेहनत की है, खासकर तब जब उनके जीवन में यह समय पहले से ही बेहद खास रहा है।
राघव ने शिमला में हुई शूटिंग के दिनों को याद करते हुए वहां की पूरी टीम की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पर्दे के पीछे काम करने वाली टीम का टैलेंट और उनकी गर्मजोशी वाकई शानदार थी, और यह साफ नजर आ रहा था कि परिणीति को उनके साथ काम करने में कितना मजा आया। उन्होंने फैंस से अपील करते हुए कहा कि यह शो दर्शकों को आखिर तक सोचने पर मजबूर कर देगा, और उन्हें 24 सितंबर को इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।
प्रियंका चोपड़ा ने भी दी छोटी बहन को बधाई
सिर्फ पति ही नहीं, बल्कि ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने भी अपनी छोटी बहन परिणीति चोपड़ा को इस शानदार ओटीटी डेब्यू के लिए स्पेशल अंदाज में बधाई दी। प्रियंका ने इंस्टाग्राम पर इस सीरीज के एक सीन की क्लिप शेयर करते हुए अपनी खुशी जाहिर की और परिणीति का हौसला बढ़ाया। परिवार और फैंस दोनों की तरफ से मिल रहे इस प्यार से साफ है कि यह सीरीज दर्शकों के बीच काफी चर्चा में रहने वाली है।
मां बनने के बाद परिणीति का पहला प्रोजेक्ट
यह प्रोजेक्ट परिणीति चोपड़ा के करियर के लिए बेहद खास और इमोशनल है, क्योंकि मां बनने के बाद यह उनका पहला स्क्रीन प्रोजेक्ट होगा। दिलचस्प बात यह है कि शूटिंग के दौरान ही उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला था, और इत्तेफाक से इस सीरीज की कहानी में भी एक मां की प्रेरणादायक जर्नी को ही दिखाया गया है। रेंसिल डी’सिल्वा के निर्देशन में बनी इस सीरीज में परिणीति के अलावा जेनिफर विंगेट, ताहिर राज भसीन, सोनी राजदान, अनूप सोनी, हरलीन सेठी और सुमित व्यास जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सीरीज 24 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर प्रसारित की जाएगी।






