Entertainment: मार्वल फैंस के लिए एक बहुत ही रोमांचक और बड़ी खबर सामने आई है। साल 2019 में रिलीज हुई दुनिया की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ (Avengers: Endgame Encore) एक बार फिर सिनेमाघरों में वापसी करने जा रही है।
मेकर्स इसे ‘एनकोर’ वर्जन के रूप में 25 सितंबर को बड़े पर्दे पर दोबारा रिलीज कर रहे हैं। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है, जिसका सबूत इसकी तूफानी एडवांस बुकिंग है। रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करोड़ों की कमाई कर ली है।
एडवांस बुकिंग में पार किया 4.45 करोड़ का आंकड़ा
सैकनिल्क की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘एवेंजर्स: एंडगेम एनकोर’ ने शुरुआती तीन दिनों की एडवांस बुकिंग में 4.45 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन कर लिया है। पिछले 24 घंटों के भीतर ही फिल्म की बुकिंग में जबरदस्त उछाल आया है। बिना ब्लॉक सीट्स के अब तक हजारों टिकट बिक चुके हैं और शोज की संख्या लगातार बढ़ रही है। सबसे ज्यादा क्रेज ओपनिंग डे यानी 25 सितंबर के लिए देखने को मिल रहा है, जहां फैंस पहले ही अपनी सीटें बुक कराने में जुटे हैं।
सिर्फ पुरानी यादें नहीं, इस बार मिलेगा कुछ नया
यह री-रिलीज सिर्फ पुरानी फिल्म देखने का मौका नहीं है, बल्कि मार्वल ने इसमें फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज भी रखा है। इस बार फिल्म के साथ नया फुटेज और आने वाली बहुचर्चित फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एक एक्सक्लूसिव झलक भी दिखाई जाएगी। यही वजह है कि दर्शक इसे थिएटर्स में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं। बता दें कि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ इस साल 18 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
किन शहरों में सबसे ज्यादा क्रेज और कौन से फॉर्मेट्स?
अगर बात करें कि कहां सबसे ज्यादा बुकिंग हो रही है, तो NCR इस रेस में सबसे आगे चल रहा है, इसके बाद बेंगलुरु और मुंबई का नाम आता है। फिल्म के प्रति क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दर्शक इसे साधारण स्क्रीन के साथ-साथ IMAX 2D और 4DX 3D जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स में देखने के लिए सबसे ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं। इंग्लिश, हिंदी, तमिल और तेलुगु जैसी कई भाषाओं में रिलीज होने वाली यह फिल्म एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है।






