Health: वजन कम करने की कोशिश में कई लोग सबसे पहले अपनी डाइट कम कर देते हैं। कुछ लोग तो जल्दी रिजल्ट पाने के लिए खाना तक छोड़ देते हैं। लेकिन लंबे समय तक भूखे रहना वजन घटाने का टिकाऊ तरीका नहीं माना जाता। इससे शरीर को पर्याप्त ऊर्जा और जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते, जिसका असर कमजोरी और रोजमर्रा की एक्टिविटी पर पड़ सकता है।
हर व्यक्ति की कैलोरी जरूरत अलग होती है
वजन कम करने के लिए रोज कितनी कैलोरी लेनी चाहिए, इसका कोई एक नंबर सभी लोगों पर लागू नहीं किया जा सकता। कैलोरी की जरूरत व्यक्ति के मौजूदा वजन, लंबाई, उम्र, रोजाना की शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करती है।
उदाहरण के तौर पर किसी व्यक्ति का वजन 70 किलो है तो उसकी डाइट दूसरे 70 किलो के व्यक्ति जैसी ही हो, यह जरूरी नहीं। दोनों की एक्टिविटी और शरीर की जरूरत अलग हो सकती है। इसलिए वजन घटाने के लिए कैलोरी कम करने से पहले विशेषज्ञ से समझना ज्यादा बेहतर रहता है।
खाना छोड़ने से बढ़ सकती हैं दिक्कतें
खाना छोड़ने पर शुरुआत में वजन कम होता हुआ दिखाई दे सकता है, लेकिन इसे लंबे समय तक जारी रखना मुश्किल होता है। शरीर को लगातार ऊर्जा और पोषक तत्वों की जरूरत होती है। लंबे समय तक पर्याप्त भोजन न मिलने पर थकान, कमजोरी, पाचन संबंधी परेशानी और एनर्जी की कमी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। खासतौर पर पहले से किसी स्वास्थ्य समस्या वाले लोगों को बिना विशेषज्ञ की सलाह के लंबे समय तक फास्टिंग करने से बचना चाहिए।
वजन कम करने के बाद भी आदतें बदलना जरूरी
अगर वजन घटाने के लिए लंबे समय तक खाना कम किया गया और बाद में अचानक पुरानी डाइट पर लौट आए, तो वजन दोबारा बढ़ सकता है। इसकी वजह यह है कि वजन घटाने के दौरान बनाई गई खाने की आदतें टिक नहीं पातीं।
वहीं, संतुलित डाइट, पर्याप्त पोषण और नियमित शारीरिक गतिविधि को रोज की दिनचर्या का हिस्सा बनाकर वजन घटाया जाए तो उसे लंबे समय तक मैनेज करना आसान हो सकता है। इसलिए वजन घटाने का लक्ष्य सिर्फ वजन कम करना नहीं, बल्कि ऐसी डाइट और लाइफस्टाइल अपनाना होना चाहिए जिसे आगे भी जारी रखा जा सके।
Weight Loss का सही तरीका
अगर आप सही तरीके से बैलेंस डाइट लेते हुए, पर्याप्त पोषण के साथ और अपनी जरूरत के हिसाब से खाना खाते हुए वजन कम कर रहे हैं तो वजन को दोबारा बढ़ने से रोकना आसान होता है। इसके लिए जरूरी है कि वजन कम करने के बाद भी खाने और लाइफस्टाइल की अच्छी आदतों को जारी रखा जाए।






