ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में रविवार को दो अलग-अलग आपराधिक घटनाओं से सनसनी फैल गई। एक ओर पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते युवक और उसकी मां के साथ मारपीट की गई, वहीं दूसरी ओर होटल के रिसेप्शनिस्ट का अपहरण कर बदमाशों ने चलती कार में उसके साथ मारपीट की। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पारिवारिक रंजिश में युवक और मां से मारपीट
पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के हुजरात चौराहे की है। यहां पुरानी पारिवारिक रंजिश के चलते अरविंद गुर्जर और उसकी मां के साथ कुछ लोगों ने मारपीट कर दी।
बताया जा रहा है कि आलोक गुर्जर, शत्रु गुर्जर, मोहित गुर्जर और भरत गुर्जर ने मिलकर दोनों के साथ मारपीट की। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद फरियादी अरविंद गुर्जर ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
Read More : M.P News : बुरहानपुर – जंगली सुअर का शिकार कर मांस ले जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार, 8 किलो मांस बरामद
होटल के बाहर से रिसेप्शनिस्ट का अपहरण
दूसरी घटना थाटीपुर थाना क्षेत्र की है। यहां गायत्री विहार स्थित बागवान होटल के बाहर से होटल के रिसेप्शनिस्ट श्यामू राणा का बदमाशों ने अपहरण कर लिया।
जानकारी के अनुसार बदमाश उसे कार में जबरन बैठाकर ले गए और रास्ते में उससे उसके साडू उप्पे राणा के बारे में पूछताछ करते रहे। इस दौरान आरोपियों ने चलती कार में उसके साथ मारपीट भी की।
मारपीट के बाद गोविंदपुरी के पास छोड़ा
बदमाश श्यामू राणा को कार में बैठाकर मुरार इलाके में घूमते रहे और बाद में उसे गोविंदपुरी के पास छोड़कर फरार हो गए। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बदमाश युवक को जबरन ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
पीड़ित की शिकायत के बाद थाटीपुर थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ अपहरण और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।











