छिंदवाड़ा। Chhindwara Road Accident : नागपुर-छिंदवाड़ा मार्ग पर रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांढुर्णा थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सौरभ राजपूत की मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे चंदनगांव के पास हुई। जानकारी के अनुसार, सौरभ अपने दोस्तों के साथ होटल में खाना खाने के बाद बाहर निकले थे। इस दौरान जब उनके दोस्त बाइक में पेट्रोल भरवाने गए, तो सौरभ पैदल सड़क पार कर आगे बढ़ रहे थे।
Chhindwara Road Accident : इसी बीच मोहल्ले में कुछ लोग सांप मार रहे थे, जिन्हें देखने के लिए सौरभ सड़क पार कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में सौरभ को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी कार चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक सौरभ राजपूत (30) अपने पीछे पत्नी, माता-पिता, बड़ा भाई और तीन साल की बेटी छोड़ गए हैं। उनका बड़ा भाई भारतीय वायुसेना में जालंधर में कार्यरत है और घटना की सूचना मिलते ही छिंदवाड़ा के लिए रवाना हो गया। इस हादसे ने पूरे परिवार और पुलिस विभाग को गहरे सदमे में डाल दिया है।













