CG Breaking : रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित शराब घोटाले में जेल में बंद अनवर ढेबर के बेटे शोएब ढेबर एक नए विवाद में फंस गए हैं। पुलिस ने शोएब के खिलाफ कई गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। वह रायपुर के पूर्व महापौर ऐजाज ढेबर का भतीजा है।
CG Breaking : सूत्रों के अनुसार, शोएब ढेबर बीते दिन केंद्रीय जेल रायपुर पहुंचे और वहां तैनात एक जेल प्रहरी से गाली-गलौज व धक्का-मुक्की कर दी। आरोप है कि उसने अपने पिता अनवर ढेबर से मिलने के लिए राजनीतिक रुतबा दिखाते हुए दबाव बनाने की कोशिश की। इस घटना के बाद जेल अधीक्षक ने तत्काल शोएब के जेल परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी।
आज इस मामले में गंज थाना पुलिस ने शोएब के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट और गाली-गलौज जैसे गंभीर आरोपों में BNS की धारा 221, 296 और 329 के तहत FIR दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि यह घटनाक्रम प्रशासनिक सख्ती और राजनीतिक दबाव के बीच टकराव का नया उदाहरण बन गया है।











