भिंड (मध्यप्रदेश)। भिंड जिले के फूप थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण बस हादसा हो गया। दिल्ली से भिंड आ रही यात्री बस नेशनल हाईवे-719 पर बरही गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 70 से अधिक यात्रियों से भरी बस में से दो दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल यात्रियों के मुताबिक, हादसे के समय अधिकांश यात्री नींद में थे। बताया जा रहा है कि बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस का नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
हादसे के तुरंत बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीमें भी मौके पर पहुंचीं और घायलों को भिंड जिला अस्पताल भेजा गया।
वहीं, जिन यात्रियों की हालत गंभीर है, उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।
यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर की लापरवाही से यह बड़ा हादसा हुआ है और बस में कोई अतिरिक्त चालक नहीं था। बस से मिले यात्री रिकॉर्ड चार्ट के अनुसार, बस में 70 से अधिक लोग सवार थे।
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और घायल यात्रियों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर लंबी दूरी की बस सेवाओं में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।











