Municipal Corporation Action : जगदलपुर: निगम आयुक्त का ‘अचानक’ छापा; संजय मार्केट से 82 किलो प्रतिबंधित पॉलिथीन जब्त, व्यापारी पर जुर्माना

0
141

Municipal Corporation Action : जगदलपुर। शहर में प्रतिबंधित पॉलिथीन के अवैध कारोबार और उपयोग पर नकेल कसने के लिए नगर निगम ने आज एक बड़ी कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने खुद कमान संभालते हुए सुबह 9 बजे संजय मार्केट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक व्यक्ति को स्कूटी से दुकानदारों को प्रतिबंधित पॉलिथीन की सप्लाई करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

सब्जी लेने के बहाने पहुंचे आयुक्त, खुली पोल आयुक्त प्रवीण वर्मा को लगातार सूचना मिल रही थी कि संजय मार्केट में प्रतिबंधित प्लास्टिक का धड़ल्ले से उपयोग हो रहा है। इसी की पुष्टि करने के लिए आयुक्त एक सामान्य ग्राहक की तरह सब्जी लेने के बहाने बाजार पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि विजय जैन नाम का एक व्यक्ति स्कूटी में पॉलिथीन भरकर दुकानदारों को बेच रहा है। आयुक्त के निर्देश पर मौके पर मौजूद राजस्व टीम ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

दुकान से भी बरामद हुआ स्टॉक टीम ने न केवल स्कूटी से पॉलिथीन जब्त की, बल्कि पूछताछ के बाद उसके ठिकाने (दुकान) पर भी छापेमारी की। इस दौरान दुकान से भी भारी मात्रा में प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद हुई। निगम की टीम ने पूरे अभियान में कुल 82 किलो प्लास्टिक जब्त किया। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के सुशील कर्मा, संजय बाजार प्रभारी और सहायक राजस्व अधिकारी राकेश यादव भी मौजूद रहे।

नियम उल्लंघन पर जुर्माना और सख्त चेतावनी नगर निगम की टीम ने प्लास्टिक प्रतिबंध नियमों के उल्लंघन के मामले में विजय जैन पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। आयुक्त प्रवीण वर्मा ने स्पष्ट किया है कि शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए यह मुहिम जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों को तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बाजार जाते समय हमेशा कपड़े के थैले का उपयोग करें और पॉलिथीन जैसी घातक सामग्री का बहिष्कार करें।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here