इंदौर [Nishanebaaz News] Indore Aviation Job Fraud Case। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र से नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एयरपोर्ट के एविएशन सेक्टर (Aviation Sector) में ग्राउंड स्टाफ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक और दो युवतियों से कुल 11 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ितों की शिकायत पर भंवरकुआं थाना पुलिस ने एकेडमी संचालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंटरव्यू और डायरेक्ट जॉइनिंग के नाम पर ऐंठे लाख रुपये पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भोलाराम उस्ताद मार्ग निवासी फरियादी सौरभ ठाकुर ने भंवरकुआं पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। सौरभ ने बताया कि वह आनंद नगर स्थित श्री हरिगोपाल कॉम्प्लेक्स के ऑफिस नंबर 102 में संचालित ‘ब्लू मून एविएशन एकेडमी’ में एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ की नौकरी के लिए एडमिशन लेने गया था।
एकेडमी संचालक अमित कुमार सिन्हा ने पहले मार्च 2027 से नया बैच शुरू होने की बात कही। इसके बाद आरोपी ने सौरभ को फोन कर मुंबई में इंटरव्यू दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये ऑनलाइन जमा करवाए। कुछ दिनों बाद बिना इंटरव्यू के दिल्ली में सीधे जॉइनिंग (Direct Joining) कराने का झांसा देकर 3 लाख रुपये और ऐंठ लिए। इस तरह अकेले सौरभ से 5 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
दो युवतियों से भी 3-3 लाख रुपये की ठगी ठगी का यह खेल यहीं नहीं रुका। आरोपी अमित सिन्हा ने इसी तरह एयरपोर्ट पर नौकरी लगवाने का लालच देकर दो अन्य युवतियों से भी 3-3 लाख रुपये ऐंठ लिए। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी किसी की जॉइनिंग नहीं हुई और आरोपी टालमटोल करने लगा, तब पीड़ितों को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ।
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच की शुरू मामले में जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता राजेश दंडोतिया ने बताया कि फरियादी की शिकायत और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी एकेडमी संचालक अमित कुमार सिन्हा के खिलाफ धोखाधड़ी (Fraud) का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने अन्य कितने युवाओं को अपने जाल में फंसाया है।





