रायपुर। Nishaanebaz.com-LJP Leader Chirag Paswan In Chhattisgarh: केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान अपने एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे हैं। वे रायपुर के जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित ‘ROLBOL Youth Conclave 2026’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह ROLBOL का तीसरा यूथ कॉन्क्लेव है, जहां वे युवाओं के साथ सीधे संवाद करेंगे।
युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम के अलावा चिराग पासवान लोजपा (रामविलास) की छत्तीसगढ़ प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और राज्य में पार्टी के जनाधार व चुनावी रणनीति की समीक्षा करेंगे।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका
रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवाओं की आकांक्षाओं को जानने और उन्हें सही दिशा देने के लिए विभिन्न मंचों के माध्यम से उनसे संवाद स्थापित करना बेहद आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उनकी पार्टी की ओर से ‘यूथ बोले’ कार्यक्रम की शुरुआत की गई है।
पार्टी के विस्तार पर बात करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) देश के अलग-अलग राज्यों में अपने संगठन का तेजी से विस्तार कर रही है। उत्तर प्रदेश और पंजाब में पार्टी पूरी मजबूती से आगामी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है, और छत्तीसगढ़ में भी राज्य इकाई के साथ बैठक कर भावी रणनीतियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
विपक्ष, EVM और चुनाव आयोग पर साधा निशाना
चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और एसआईआर (SIR) को लेकर विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर चिराग पासवान ने तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा:
-
चुनाव आयोग पर भरोसा: यदि किसी मतदाता को चुनाव प्रक्रिया पर कोई संदेह होता है, तो आयोग को निष्पक्षता से उनका विश्वास हासिल करना चाहिए।
-
SIR प्रक्रिया पर जवाब: SIR में जिन लोगों के नाम काटे गए हैं, वे सामान्य मतदाता नहीं थे। अगर आम जनता का नाम कटता, तो सड़क पर बड़ा जनआंदोलन खड़ा हो चुका होता।
-
कांग्रेस की मांग पर घेरा: कांग्रेस द्वारा सभी चुनाव रद्द कर दोबारा मतदान कराने की मांग पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा, “क्या कांग्रेस अपने शासित राज्यों जैसे हिमाचल प्रदेश में दोबारा चुनाव कराएगी? क्या राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चुनाव लड़ना छोड़ेंगे?”
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष का काम केवल कुछ दिनों के लिए मुद्दे उठाना और फिर गायब हो जाना है। आज SIR आने के बाद कांग्रेस ने EVM का राग अलापना बंद कर दिया है।
छत्तीसगढ़ में BJP को समर्थन पर क्या बोले?
छत्तीसगढ़ में लोजपा की प्रदेश इकाई गठित होने के बाद भाजपा को समर्थन देने के सवाल पर चिराग पासवान ने कहा कि गठबंधन और चुनाव लड़ने का फैसला समय और परिस्थितियों को देखकर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में पार्टी स्वतंत्र (इंडीविजुअल) रूप से कार्य कर रही है और छत्तीसगढ़ की राज्य इकाई ही परिस्थितियों के आधार पर अंतिम निर्णय लेगी।






