बंगाल में BJP-TMC के बीच कांटे की टक्कर, बंगाल में कमल खिलने का दावा, BJP 115 सीटों पर आगे

Rahul Goshwami

कोलकाता : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के साथ ही राज्य की राजनीति में जबरदस्त हलचल तेज हो गई है। शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के बीच बेहद करीबी मुकाबला देखने को मिल रहा है। राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से 293 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है और हर अपडेट के साथ सियासी समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं।

शुरुआती रुझानों में BJP को बढ़त

सुबह के शुरुआती ट्रेंड्स में बीजेपी ने बढ़त बनाते हुए बड़ा संदेश दिया है। ताजा रुझानों के मुताबिक BJP 115 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस 113 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस कुछ सीटों पर सीमित बढ़त में दिखाई दे रही है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रिकॉर्ड मतदान के बाद इस बार बंगाल में मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ है। शुरुआती रुझानों ने साफ कर दिया है कि राज्य में सत्ता की लड़ाई बेहद रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुकी है।

नंदीग्राम में शुभेंदु अधिकारी आगे

सबसे चर्चित सीटों में शामिल नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी शुभेंदु अधिकारी आगे चल रहे हैं। इस सीट पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं क्योंकि शुभेंदु अधिकारी इस चुनाव में बीजेपी के सबसे बड़े चेहरों में शामिल हैं।

दूसरी ओर भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बढ़त बनाए हुए हैं। भवानीपुर को लंबे समय से ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है और शुरुआती रुझानों में उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत दिखाई है।

राहुल सिन्हा ने किया सरकार बनाने का दावा

बीजेपी के राज्यसभा सांसद राहुल सिन्हा ने शुरुआती बढ़त के बाद बड़ा दावा करते हुए कहा कि बंगाल में बीजेपी सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा,“BJP कार्यकर्ताओं के धैर्य और समर्पण का यह परिणाम है। बंगाल में कमल खिलेगा। मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला पार्टी की शीर्ष नेतृत्व करेगा।”

राहुल सिन्हा ने तृणमूल सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में जनता पर अत्याचार किया गया और अब लोग बदलाव चाहते हैं।

कई सीटों पर TMC की मजबूत पकड़

हालांकि BJP शुरुआती बढ़त में दिखाई दे रही है, लेकिन कई अहम सीटों पर तृणमूल कांग्रेस ने मजबूत प्रदर्शन किया है। बागनान, आमता, बोलपुर, चंचल, सुजापुर और रतुआ सीटों पर TMC आगे चल रही है।

वहीं कांग्रेस मालतीपुर और मोथाबाड़ी सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि कई इलाकों में मुकाबला बेहद करीबी बना हुआ है।

नोआपारा सीट और VVPAT विवाद फिर चर्चा में

नोआपारा विधानसभा सीट से BJP नेता अर्जुन सिंह शुरुआती रुझानों में आगे चल रहे हैं। यह सीट मतदान से पहले VVPAT पर्चियों को लेकर विवाद में आ गई थी।

दत्तापुकुर इलाके में सड़क किनारे बड़ी संख्या में पर्चियां मिलने के बाद विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे। हालांकि बाद में चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि ये पर्चियां मॉक पोलिंग के दौरान इस्तेमाल की गई थीं और इनका वास्तविक मतदान से कोई संबंध नहीं था।

हर मिनट बदल रहे सियासी समीकरण

बंगाल में शुरुआती रुझानों ने यह साफ कर दिया है कि इस बार मुकाबला एकतरफा नहीं है। BJP और TMC दोनों के बीच सीटों का अंतर लगातार बदल रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोपहर तक तस्वीर और ज्यादा स्पष्ट हो सकती है।

फिलहाल पूरे देश की नजरें बंगाल पर टिकी हुई हैं, जहां यह तय होना बाकी है कि ममता बनर्जी लगातार चौथी बार सत्ता में लौटेंगी या बीजेपी पहली बार बंगाल में सरकार बनाने का इतिहास रचेगी।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *