निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : चुनाव आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में होने वाले 2026 के विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इन सभी राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई-जून के बीच समाप्त होने वाला है, जिसके चलते आयोग ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है।
इन राज्यों में कब होंगे चुनाव
चुनाव आयोग के अनुसार असम, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। इन राज्यों में डाले गए वोटों की गिनती 4 मई को की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। वहीं बंगाल में 2 चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, यहां भी मतगणना 4 मई को होगी। तमिलनाडु में एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान है और मतगणना 4 मई को होगी।
824 सीटों पर होगा मतदान
पांचों राज्यों में कुल 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इनमें पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 294 सीटें हैं, जबकि तमिलनाडु में 234 सीटों पर चुनाव होगा।वहीं असम में 126 सीटें, केरल में 140 सीटें और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में 30 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
Read More : M.P News : विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर भोपाल में कार्यक्रम, मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने किया शुभारंभ
करोड़ों मतदाता करेंगे मतदान
इन पांचों राज्यों में लगभग 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं की संख्या के लिहाज से पश्चिम बंगाल सबसे आगे है, जहां करीब 6.44 करोड़ वोटर हैं।
तमिलनाडु में लगभग 5.67 करोड़, केरल में 2.70 करोड़, असम में करीब 2.50 करोड़ और पुडुचेरी में करीब 9.44 लाख मतदाता हैं।
2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे
चुनाव आयोग ने बताया कि मतदान के लिए लगभग 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए करीब 25 लाख चुनाव अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पारदर्शिता और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी।









