Nikki Murder Case : नोएडा | ग्रेटर नोएडा के सनसनीखेज निक्की हत्याकांड में लगातार चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने अब फरार चल रहे निक्की के जेठ रोहित भाटी और ससुर सतवीर को भी कासना थाना क्षेत्र के सिरसा टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले रविवार शाम को निक्की की सास दयावती को भी गिरफ्तार किया गया था, जबकि मुख्य आरोपी पति विपिन भाटी पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
Nikki Murder Case : जांच में सामने आया है कि निक्की अपने पति विपिन और बहन कंचन के साथ ब्यूटी पार्लर चलाती थीं, जिससे परिवार का खर्च चलता था। लेकिन विपिन न केवल निक्की की कमाई का पैसा चुराता था बल्कि पार्लर के काम और सोशल मीडिया पर एक्टिविटी को लेकर भी उससे अक्सर झगड़ा करता था। निक्की के पिता ने बताया कि विपिन और उसका भाई कभी कोई काम नहीं करते थे, बल्कि उनकी गाड़ियों—मर्सिडीज और स्कॉर्पियो—पर कब्जा करने और मोटी रकम मांगने की कोशिश करते थे।
फरवरी में निक्की के ससुराल पक्ष ने उसका पूरा पार्लर तोड़ दिया था। इसके बावजूद निक्की बार-बार पार्लर को फिर से खोलने की मांग कर रही थी। 21 अगस्त को इसी मुद्दे पर पति-पत्नी में विवाद इतना बढ़ा कि हत्या तक की नौबत आ गई। पुलिस के मुताबिक, हत्या से ठीक कुछ घंटे पहले निक्की ने विपिन से कहा था—“हमें पार्लर दोबारा खोलने से कोई नहीं रोक सकता।” इसी बात पर विपिन आगबबूला हो गया और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस अब इस मामले में परिवार के हर सदस्य की भूमिका खंगाल रही है। निक्की का इंस्टाग्राम अकाउंट और पार्लर से जुड़ी ऑनलाइन एक्टिविटीज भी जांच के दायरे में हैं।









