Bulandshahr Accident : श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली की कंटेनर से टक्कर, 8 की मौत, दर्जनों घायल…

Parivesh
Bulandshahr Accident

Bulandshahr Accident : बुलंदशहर। एनएच-34 पर खुर्जा के अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 50 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए।

Bulandshahr Accident : पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। डीएम श्रुति और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायलों की देखरेख के निर्देश दिए। एसपी देहात डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालु कासगंज जिले के सोरो थाना अंतर्गत रफायदपुर गांव के निवासी थे, जो राजस्थान के हनुमानगढ़ स्थित गोगामेडी मंदिर में जात लगाने के लिए रवाना हुए थे। कुल लगभग 60 लोग ट्रॉली में सवार थे।

हादसे के तुरंत बाद पुलिस, एंबुलेंस और स्थानीय राहगीरों की मदद से घायलों को निकटस्थ अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कैलाश अस्पताल में 29, मुनी सीएचसी में 18 और जटिया अस्पताल में 10 घायल पहुंचाए गए। चिकित्सकों ने कैलाश अस्पताल में छह लोगों, जिनमें दो बच्चे शामिल हैं, और मुनी सीएचसी में दो लोगों को मृत घोषित किया। मृतकों में चांदनी (12), रामबेटी (62), ईपू बाबू (50), धनीराम (40), मौश्री और शिवांश (6) शामिल हैं।

मौके पर एसपी देहात, एसपी अपराध शंकर प्रसाद, एडीएम प्रमोद कुमार पांडेय, एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय और चार थानों का भारी पुलिस बल मौजूद रहा, जो राहत और बचाव कार्यों में जुटा हुआ था। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *