Rewa Mining Accident News : रीवा (विकास बघेल): जिले के चोरहटा थाना अंतर्गत नौबस्ता गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बैजनाथपुर क्षेत्र के पास स्थित एक अवैध पत्थर खदान में गिरने से 35 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के दौरान खदान के पास एक ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतका की पहचान सुमित्रा केवट के रूप में हुई है।
अवैध उत्खनन पर उठे सवाल: स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इस क्षेत्र में पिछले कई महीनों से पत्थरों का अवैध उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से जारी है। इसकी शिकायतें कई बार प्रशासन से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस के अनुसार, महिला खदान क्षेत्र में गई थी, जहां पैर फिसलने या अनियंत्रित होने के कारण वह गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त परिवार के अन्य सदस्य भी वहीं मौजूद थे, जिन्होंने चीख-पुकार मचाई।
प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ आक्रोश: घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि अवैध खनन के कारण मौत के गड्ढे बन चुके हैं, जो आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की मर्ग जांच कर रही है और अवैध उत्खनन के पहलुओं पर खनिज विभाग के साथ मिलकर कार्यवाही की बात कह रही है।











