Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज की नौ दिवसीय कथा शुरू, आरक्षण और UGC कानून पर कही ये बात

Sanjay Sahu
Janjgir-Champa News

Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य महाराज की नौ दिवसीय कथा का शुभारंभ हो गया है। कथा शुरू होने से पहले उन्होंने प्रेसवार्ता में सत्संग, सनातन धर्म, सामाजिक व्यवस्था, आरक्षण, धर्म परिवर्तन और फिल्मों में साधु-संतों के चित्रण समेत कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।

Janjgir-Champa News: अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि कलियुग में भागवत कथा और राम कथा का श्रवण समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन सकता है। उनके मुताबिक धार्मिक आयोजनों और सत्संग से व्यक्ति के विचारों में बदलाव आता है और उसे जीवन में सुधार की प्रेरणा मिलती है।

आरक्षण के समर्थन में बोले अनिरुद्धाचार्य

आरक्षण को लेकर अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि इसका लाभ उन परिवारों तक पहुंचना चाहिए, जो सामाजिक रूप से पिछड़े और आर्थिक रूप से कमजोर हैं। वहीं, UGC से जुड़े कानून के कुछ प्रावधानों पर उन्होंने आपत्ति जताई। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसे प्रावधानों से समाज में जातिगत तनाव और विवाद बढ़ सकते हैं।

‘जाति के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश’

छत्तीसगढ़ के लोगों की तारीफ करते हुए अनिरुद्धाचार्य ने कहा, “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया।” उन्होंने प्रदेशवासियों को सरल, सहज और धार्मिक भावनाओं से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म देश, समाज और परिवार को एक सूत्र में जोड़ने का काम करता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जाति-पाति के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है। साथ ही मनुस्मृति की गलत व्याख्या कर सनातन धर्म को बदनाम किए जाने की बात भी कही।

सती प्रथा को लेकर भी रखी बात

सती प्रथा के मुद्दे पर अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि सनातन धर्म ने कभी इसका समर्थन नहीं किया। उन्होंने रामायण और महाभारत काल का उदाहरण देते हुए कहा कि पति की मृत्यु के बाद पत्नी का सती होना अनिवार्य नहीं था। उनके मुताबिक कुछ स्थानों पर महिलाओं को जबरन सती कराया गया, जिसके कारण पूरे सनातन धर्म को बदनाम किया गया। उन्होंने कहा कि बाद में राजा राममोहन राय के प्रयासों से इस कुप्रथा को खत्म करने की दिशा में काम हुआ।

धर्म परिवर्तन को लेकर जागरूकता की अपील

धर्म परिवर्तन के मुद्दे पर उन्होंने सरकार के साथ आम लोगों से भी जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह के बहकावे में आकर धर्म परिवर्तन नहीं करने का आग्रह किया। साथ ही गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने और गौ हत्या पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाने की मांग की।

Janjgir-Champa News: फिल्मों में साधु-संतों के चित्रण पर जताई नाराजगी

Janjgir-Champa News: अनिरुद्धाचार्य ने फिल्मों और वेब सीरीज में साधु-संतों के चित्रण पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्मों में कई बार सवर्ण समाज को नकारात्मक किरदार में दिखाया जाता है। उन्होंने ‘आश्रम’ जैसी वेब सीरीज का उदाहरण देते हुए साधु-संतों के अपमान का आरोप लगाया। वहीं, हाल ही में रिलीज हुई ‘हनुमान अंश’ से जुड़ी फिल्म की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि ऋषि-मुनियों के जीवन और उनके योगदान पर आधारित फिल्मों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

Share The News
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *