Saturday, September 5, 2026
Home Chhattisgarh Ground Reality of Cleanliness Drive: बचेली में स्वच्छता अभियान की खुली पोल;...

Ground Reality of Cleanliness Drive: बचेली में स्वच्छता अभियान की खुली पोल; कागजों पर सफाई और चौराहों पर चालान, पर वार्डों में कचरे का अंबार

Ground Reality of Cleanliness Drive: बचेली (फकरे आलम खान)। नगर पालिका परिषद बचेली में इन दिनों प्रशासन द्वारा बड़े जोर-शोर से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। शहर को साफ-सुथरा रखने के उद्देश्य से पालिका प्रशासन द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालानी कार्रवाई भी की जा रही है, जो कि एक सराहनीय कदम है। परंतु, इस अभियान की जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। शहर के मुख्य मार्गों और चौक-चौराहों को चमकाने में जुटे प्रशासनिक अमले की नाक के नीचे, बचेली के अंदरूनी वार्डों और मोहल्लों की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है।

वार्डवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से न तो वार्डों की नियमित सफाई हो रही है और न ही कचरा उठाने का कोई ठोस इंतजाम है, जिससे जगह-जगह कचरे के पहाड़ खड़े हो रहे हैं।

‘दीदियों’ के दर्शन दुर्लभ; एक दिन आकर दो दिन गायब रहने का आरोप

नगर के विभिन्न वार्डों से आ रही शिकायतों के मुताबिक, घर-घर जाकर सूखा और गीला कचरा एकत्र करने वाली ‘डोर-टू-डोर’ कचरा संग्रहण दीदियां कई दिनों से गलियों में नहीं पहुंच रही हैं। नागरिकों ने बताया कि वर्तमान में कचरा कलेक्शन की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। यदि किसी वार्ड में एक दिन कचरा गाड़ी आ भी जाती है, तो उसके बाद अगले दो से तीन दिनों तक गाड़ियां और कर्मचारी पूरी तरह नदारद रहते हैं। इसके कारण मजबूरन लोगों को कचरा अपने घरों के बाहर या खुले प्लाटों में फेंकना पड़ रहा है, जिससे आवारा मवेशियों का जमावड़ा बढ़ गया है और संक्रमण फैलने का खतरा पैदा हो गया है।

कर्मचारियों का अजीब बहाना: “वाहन नहीं आया, तो हम कचरा कैसे उठाएं?”

जब वार्ड के जागरूक नागरिकों ने ड्यूटी पर तैनात सफाई कर्मचारियों से इस अव्यवस्था और कचरा न उठाए जाने के संबंध में सीधे सवाल किया, तो कर्मचारियों ने अपनी लाचारी जताते हुए नगर पालिका प्रबंधन की पोल खोल दी।

कर्मचारियों का दोटूक जवाब:

ग्राउंड पर तैनात सफाई कर्मियों का कहना है कि उन्हें वार्डों से कचरा उठाने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनके पास कचरा लोड करने के लिए ‘कचरा वाहन’ (टिपिंग व्हीकल) ही समय पर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। जब पालिका प्रशासन द्वारा कचरा वाहन ही नहीं भेजा जाएगा, तो वे कचरा उठाकर उसे कहाँ और कैसे ले जाएंगे? कर्मचारियों के इस जवाब से स्पष्ट है कि जमीनी कर्मचारियों और पालिका के उच्च अधिकारियों के बीच समन्वय का भारी अभाव है।

“अभियान को केवल कागज और विशेष दिन के लिए सीमित न रखें”

नगर के नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान केवल विशेष आयोजनों, वीआईपी दौरों, फोटो खिंचवाने और कागजी फाइलों को दुरुस्त करने के लिए नहीं होना चाहिए।

बचेली की आम जनता ने स्थानीय वार्ड पार्षदों तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) से पुरजोर मांग की है कि वे एसी कमरों और केवल मुख्य मार्गों की मॉनिटरिंग छोड़कर अंदरूनी बस्तियों और वार्डों का औचक निरीक्षण करें। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कचरा वाहनों की नियमित आवाजाही शुरू नहीं की गई और डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन को सुचारू नहीं बनाया गया, तो वार्डवासी नगर पालिका के खिलाफ मोर्चा खोलने को विवश होंगे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here