Friday, August 21, 2026
Home Chhattisgarh Kondagaon News: दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं...

Kondagaon News: दिशा समिति की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्ता पर दिया गया जोर

Kondagaon News
Kondagaon News

Kondagaon News: रामकुमार भारद्वाज/ कोण्डागांव :- जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में बस्तर सांसद महेश कश्यप, कांकेर सांसद भोजराज नाग, बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेण्डी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना तथा स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Kondagaon News: बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने सभी पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। किसानों को निर्धारित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा अधिक मूल्य पर बिक्री करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही प्राकृतिक आपदाओं एवं मौसमी बीमारियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन के प्रयासों से बस्तर क्षेत्र के विकास को नई गति मिली है। सभी अधिकारी योजनाओं का प्रभावी एवं जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। बस्तर सांसद महेश कश्यप ने धरती आबा योजना के अंतर्गत चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए तैयार कार्ययोजना की जानकारी ली तथा प्रधानमंत्री कौशल विकास कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।

केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने किसानों को निर्धारित दर पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा विद्युत संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। कोण्डागांव विधायक एवं बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सुश्री लता उसेण्डी ने सभी पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने किशोरी बालिकाओं में एनीमिया की रोकथाम के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच एवं निगरानी पर भी विशेष जोर दिया।

Kondagaon News: बैठक में वीबीजीरामजी योजना के अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों को बढ़ावा देने, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत बड़े ग्राम पंचायतों में विधानसभावार ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के प्रभावी संचालन तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत स्वीकृत सड़कों का गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं पारदर्शी ढंग से निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Kondagaon News: जल जीवन मिशन के तहत ‘हर घर जल’ प्रमाणित गांवों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों, गणवेश, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण की जानकारी ली गई। साथ ही यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि किसी भी जर्जर भवन में कक्षाओं का संचालन न हो। आश्रम एवं छात्रावासों में विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के लिए स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, इंटरनेट एवं बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार, ऑयल पाम की खेती को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

Kondagaon News: बैठक में नगर पंचायत फरसगांव के अध्यक्ष प्रशांत पात्र, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनीता कोर्राम, जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष मानकू राम नेताम, जिला पंचायत सदस्य नंदलाल राठौर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here