भिलाई/दुर्ग। Nishaanebaz.com-Bhilai Hotel Spy Camera Case: छत्तीसगढ़ के भिलाई से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविक सेंटर स्थित होटल हरिराज के बाथरूम में एक स्पाई कैमरा छिपाकर रखे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। होटल में ठहरी एक युवती ने जब बाथरूम का इस्तेमाल किया, तो उसकी नजर टाइल्स में बने दो छेदों के बीच कैमरे जैसी एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। इसके बाद सूझबूझ दिखाते हुए युवती ने होटल संचालक को सूचना देने के बजाय सीधे डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और बाथरूम की गहन जांच की, जहां कैमरा मिलने की पुष्टि हुई।
सीसीटीवी फुटेज में स्टाफ की संदिग्ध गतिविधि
बताया जा रहा है कि यह घटना करीब एक सप्ताह पुरानी है। युवती की शिकायत पर पुलिस जब होटल पहुंची और बाथरूम की जांच की, तो वहां स्पाई कैमरा बरामद हुआ। इस घटना के सामने आते ही होटल प्रबंधन और संचालकों में हड़कंप मच गया। होटल संचालक का दावा है कि बाथरूम में कैमरा लगाने की इस घृणित हरकत के पीछे होटल का ही एक कर्मचारी शामिल है। संचालक के अनुसार, होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध स्टाफ की गतिविधियां सामने आईं, जिसके आधार पर उसकी पहचान का दावा किया जा रहा है।
फरार स्टाफ की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस इस मामले में किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है। होटल में काम करने वाले तमाम कर्मचारियों की जानकारी मंगवाकर उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, आरोपी बताए जा रहे एक स्टाफ के फरार होने की बात भी सामने आई है। होटल संचालक ने आरोपी का आधार कार्ड, फोटो और मोबाइल नंबर पुलिस को उपलब्ध करा दिया है, जिसके जरिए पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करने और तलाश में जुटी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह कैमरा बाथरूम तक कैसे पहुंचा, इसे किसने और किस नीयत से लगवाया था। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।






