Vande Mataram : वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे: मध्यप्रदेश में राष्ट्रगान की गूंज, ‘स्वदेशी संकल्प’ से शुरू हुआ अभियान
Vande Mataram : भोपाल। आज पूरे देश में वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूरे होने पर मध्यप्रदेश में उत्सव का माहौल है। भाजपा ने इसे “स्वदेशी संकल्प अभियान” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। सरकारी और संगठन स्तर पर आज 10-10 बड़े आयोजन हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के शौर्य स्मारक में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए, जबकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश कार्यालय में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम के बाद सभी कार्यकर्ताओं ने “स्वदेशी अपनाने का संकल्प” लिया। यह अभियान 26 जनवरी 2025 तक चलेगा।
मंत्रिमंडल के सदस्य अपने जिलों में हुए शामिल, पूरे प्रदेश में गूंजा ‘वंदे मातरम’ का स्वर
भोपाल। मुख्यमंत्री से लेकर सभी मंत्री आज अपने-अपने जिलों में वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के शौर्य स्मारक में,
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा कलेक्टर कार्यालय में,
कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में,
राकेश सिंह जबलपुर में,
और गौतम टेटवाल उज्जैन में उपस्थित रहे।
इन कार्यक्रमों में देशभक्ति गीतों और शपथ समारोहों के बीच राष्ट्रप्रेम की भावना पूरे प्रदेश में फैल गई।
भोपाल में 877 नई नियुक्तियाँ: वन और स्वास्थ्य विभाग में बंपर जॉइनिंग लेटर देंगे सीएम मोहन यादव
भोपाल। प्रदेश के युवाओं के लिए खुशखबरी—मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज 877 अधिकारी-कर्मचारियों को जॉइनिंग लेटर सौंपेंगे।इसमें 543 वन रक्षक और वन क्षेत्रपाल, साथ ही 334 डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर शामिल हैं। कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होगा। इसमें विभागीय मंत्री, पीएस और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।सरकार का कहना है कि यह भर्ती अभियान “रोजगार युक्त मध्यप्रदेश” की दिशा में बड़ा कदम है।
भोपाल के 50 इलाकों में आज बिजली कटौती: मेंटेनेंस कार्य से 1 से 6 घंटे तक गुल रहेगी बिजली
भोपाल। राजधानी के कई हिस्सों में आज लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ सकता है। बिजली विभाग ने बताया कि मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कई इलाकों में पावर कट रहेगा।
खुदागंज, मेंडोरा, केरवा कोठी, कोलार थाना, बंजारी डी सेक्टर, गांधीनगर, इंद्रप्रस्थ, सन सिटी, कैलाश नगर, जनता क्वार्टर जैसे इलाकों में बिजली गुल रहेगी।अधिकारियों ने अपील की है कि लोग मेंटेनेंस कार्य के समय आवश्यक विद्युत उपकरणों का उपयोग सीमित करें।
एमपी में सर्दी ने दी दस्तक: भोपाल पचमढ़ी से भी ठंडा, रात का तापमान 13 डिग्री पर पहुंचा
भोपाल। मध्यप्रदेश में सर्दी ने आधिकारिक दस्तक दे दी है। राजधानी भोपाल का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री दर्ज किय गया, जो पचमढ़ी (17.4 डिग्री) से भी ठंडा रहा। राजगढ़ सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 11 डिग्री तक लुढ़क गया। इंदौर का तापमान 12.1 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, नमी घटने और उत्तर से ठंडी हवाओं के आने से अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों ने चेताया कि सर्द हवाओं के साथ सुबह और रात का तापमान और नीचे जा सकता है।











